मनुष्‍य के उत्‍थान व पतन की सीमायें कितनी हैं

प्रत्‍येक मनुष्‍य एक वृत्‍त पर चलता है, यह वृत्‍त सीधा खड़ा होता है और हर मनुष्‍य के लिये इसका व्‍यास अलग अलग है, जिस पर चलकर वह एक निश्चित अवस्‍था या बिन्‍दु से अधिक नीचे नहीं जा सकता, इसी प्रकार एक निश्चित स्थिति या बिन्‍दु से अधिक ऊपर वह नहीं जा सकता, इन बिन्‍दुओं से आगे बढ़ने पर दूसरी अवस्‍था की ओर मनुष्‍य स्‍वत: बढ़ जाता है, इसमें पीछे की ओर चलना संभव नहीं, ये बिन्‍दु ही मनुष्‍य की उपलब्धियों व पतन का निर्धारण करते हैं स्‍वामी विवेकानन्‍द      

जुगाड़ : गन्ने के रस के कारोबार में नवाचार

जुगाड़ : गन्ने के रस के कारोबार में नवाचार

ग्वालियर 8 अप्रैल 08 । चम्बल संभाग के श्योपुर नगर में इन दिनों मिठास परोसने वाला जुगाड़ गन्ने के रस के कारोबार में नवाचार बन चुका है । चंडीगढ़ पंजाब से बनकर आयी यह गाड़ी नगर में जन-आकर्षण का केन्द्र बनी है । इस गाड़ी में स्टीयरिंग मारूति का, गियर और पहिये जीप के, अल्टीनेटर मरूति का और इंजन किर्लोस्कर का सिंचाई पम्प है जो न केवल गाड़ी को चलाता है अपितु गन्ने का रस निकलाने वाले चरखी भी उसी से ही चलती है । मिठास परोसने वाला यह जुगाड़ दिन भर शहर को एक सिरे से दूसरे तक नाप लेता है और जगह-जगह रूककर ग्राहकों को ताजा गन्ने का रस भी पिलाता है । जिससे राजेश और उसके पिता राजेन्द्र का रोजगार भी मजे से चल रहा है ।

       जीप और मिनी बस के बीच के आकार वाला यह वाहन दरअसल जुगाड़ है । जिसकी चैसिस जीप से थोड़ी बड़ी है । चैसिस पर एंगल वेल्ड करके उस पर लकड़ी के फट्टे नटबोल्ट से कसकर फर्श और छत तैयार कर दी गई है । फर्श पर वाहन चालक की सीट है। स्टीयरिंग और गन्ने का रस निकालने वाली चरखी अग्र भाग में और आठ हार्सपावर का एयरकूल्ड किर्लोस्कर पम्प पुश्त में लगा है । पम्प से ही गाड़ी और चरखी दोनो ही आवश्यकतानुसार संचालित किये जा सकते हैं । गाड़ी की छत पर डेढ़ से दो क्विंटल गन्ना आसानी से लादा जा सकता है । वाहन चालक के बगल में आइस बॉक्स , गिलास स्टैंण्ड सहित सामग्री रखने व एक व्यक्ति के बैठने का भी स्थान है ।

       श्योपुर में मिठास परोसने वाले जुगाड़ के मालिक राजेश ने बताया कि वह और उसके पिता श्री राजेन्द्र दोनो मिलकर दिन भर में एक क्विंटल गन्ना रोज खपा देते हैं । सुबह से शाम तक गाड़ी में तकरीबन तीन लीटर डीजल लग जाता है तथा गन्ने का रस बेच कर आज कल गर्मी में अच्छी कमाई हो जाती है । अब तो उनकी देखा-देखी उनके ही गांव को दो अन्य व्यक्ति भी पंजाब जाकर मिठास परोसने वाले जुगाड़ ले आये हैं तथा श्योपुर नगर में ही गन्ने के रस बेचने का काम करने लगे हैं ।

 

एस.सी एवं एस.टी. के प्रतिभावान छात्रों के सिंधिया स्कूल फोर्ट में निशुल्क प्रवेश आवेदन पत्र 12 अप्रैल तक आमंत्रित

एस.सी एवं एस.टी. के प्रतिभावान छात्रों के सिंधिया स्कूल फोर्ट में निशुल्क प्रवेश आवेदन पत्र 12 अप्रैल तक आमंत्रित

ग्वालियर 6 अप्रैल 08 । अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की पब्लिक स्कूल में प्रवेश योजना के तहत वर्ष 2008-09 के लिये अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के प्रतिभावान छात्रों को सिंधिया स्कूल फोर्ट में प्रवेश के लिये आवेदन पत्र आमंत्रित किये हैं । छात्रों द्वारा आदिम जाति कल्याण विभाग से 8 अप्रैल 08 तक निशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त किये जा सकते हैं ।

       आदिम जाति कल्याण विभाग की संयोजक श्रीमती नागवंशी ने एक जानकारी में बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के वे छात्र जिन्होंने इस वर्ष कक्षा पांचवी उत्तीर्ण की है तथा वे छात्र जिन्होंने छठवी की परीक्षार् उत्तीण की है ऐसे छात्र क्रमश: कक्षा छठवी एवं कक्षा सातवी में प्रवेश हेतु आवेदन कर सकेंगे । सिंधिया स्कूल फोर्ट में योजना के अंतर्गत केवल तीन बालकों को कक्षा छठवी एवं कक्षा सातवी में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा । कोरे रिक्त आवेदन पत्र प्राप्त करन की अंतिम तिथि 8 अप्रैल 08 है ।

       आवेदन पत्र के साथ छात्र का जन्म प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, पिता/पालक का आय प्रमाण प्रमाण-पत्र, पांच फोटो रंगीन, अंकसूची संलग्न करना अनिवार्य होगा । कोरे रिक्त आवेदन पत्र कार्यालय जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग ग्वालियर से 8 अप्रैल 08 तक वितरित किये जायेंगे और सभी प्रमाण पत्रों सहित भरे हुये आवेदन इसी कार्यालय में 12 अप्रैल 08 तक प्राप्त (जमा) किये जायेंगे । समस्त छात्र रोल नंबर 16 अप्रैल तक कार्यालय जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग ग्वालियर से प्राप्त कर सकते हैं ।

       उल्लेखनीय है कि आवेदन पत्र कार्यालय से प्राप्त करने तथा जमा करने की प्रक्रिया अवकाश के दिनों में भी की जायेगी । इसके लिये कार्यालय का दूरभाष क्रमांक 2330948 तथा 4086767 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती हैं। समस्त छात्रों की प्रवेश परीक्षा 19 अप्रैल को प्रात: 10.30 बजे सिंधिया स्कूल कैम्पस में प्रारंभ होगी ।

 

विश्व बैंक की टीम ने हरसी डेम के डिस्ट्री ब्यूटरियों के उन्नयन कार्यों का निरीक्षण किया

विश्व बैंक की टीम ने हरसी डेम के डिस्ट्री ब्यूटरियों के उन्नयन कार्यों का निरीक्षण किया

ग्वालियर 6 अप्रैल 08 । विश्व बैंक के टास्क टीम लीडर श्री जेवियर जुलेटा के नेतृत्व में विश्व बैंक की टीम ने मध्यप्रदेश वाटर रिस्ट्रक्चरिंग कार्यक्रम के तहत हरसी नगर सिंचाई प्रणाली के चल रहे हरसी डेम डी-2-, डी-3-ए ओर डी-4-ए डिस्ट्री ब्यूटरियों के उन्नयन कार्यों का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान संस्था के कार्य और दायित्वों की समीक्षा करते हुये संस्था अध्यक्षों से भी विचार विमर्श किया गया । टीम के साथ में मुख्य अभियंता जल संसाधन श्री राजन श्रीवास्तव, पाइकू के परियोजना संचालक श्री पी.के. तिवारी, विश्व बैंक के परामर्शदाता श्री ए.एन. बोरबंकर एवं संस्थाओं के अध्यक्ष तथा विभाग के अन्य उच्च अधिकारी साथ में थे । मुख्य अभियंता श्री राजन श्रीवास्तव ने बताया कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद सिंचाई लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के साथ-साथ सिंचाई पांच हजार हैक्टेयर की अतिरिक्त सिंचाई भी हो सकेगी । विगत दिनों इस टीम ने श्योपुर एवं मुरैना में चले रहे कार्यों का निरीक्षण किया ।