बेहट एवं रायपुर में विकास खंड स्तरीय जलाभिषेक सम्मेलन

बेहट एवं रायपुर में विकास खंड स्तरीय जलाभिषेक सम्मेलन

ग्वालियर 13 अप्रैल 08 । जल सरंक्षण एवं संवर्धन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में जलाभिषेक अभियान के तहत 15 अप्रैल 08 को  प्रात: 10 बजे मुरार विकासखंड के ग्राम बेहट और घाटीगांव (बरई) जनपद की ग्राम पंचायत रायपुर में खंड स्तरीय जलाभिषेक सम्मेलनों का आयोजन किया जायेगा । बेहट में खंड स्तरीय जलाभिषेक अभियान का शुभारंभ विधायक श्री ध्यानेन्द्र सिंह तथा रायपुर में आयोजित खंड स्तरीय जलाभिषेक सम्मेलन का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक श्री बृजेन्द्र तिवारी करेंगे ।

 

प्राथमिक विद्यालय सालुपुरा का प्रधानाध्यापक निलम्बित

प्राथमिक विद्यालय सालुपुरा का प्रधानाध्यापक निलम्बित

ग्वालियर 13 अप्रैल 08 । शासकीय प्राथमिक विद्यालय सालुपुरा के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद पाये जाने के साथ-साथ संस्था के प्रधानाध्यापक सहित संपूर्ण स्टाफ अनुपस्थित होने एवं अनुपस्थिति वाले दिनों का भी वेतन प्राप्त करने के आरोप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने प्रधानाध्यापक श्री महेन्द्र सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है ।

       उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी श्री श्रीराम शर्मा एवं टास्क मैनेजर श्रीमती ज्योति सिंह सिकरवार द्वारा शासकीय प्राथमिक विद्यालय सालुपुरा का आकस्मिक निरीक्षण करने पर विद्यालय बंद पाये जाने के साथ-साथ संस्था के प्रधानाध्यापक श्री चौहान सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये थे । प्रधानाध्यापक द्वारा मनमाने तरीके से विद्यालय में आना एवं अनुपस्थित अवधि का वेतन भी प्राप्त करना पाया गया । प्रधानाध्यापक श्री चौहान के विरूध्द मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कार्यवाही करते हुये जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शर्मा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।  निलम्बित प्रधानाध्यापक का निलम्बन अवधि में मुख्यालय विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अधिकारी कार्यालय डबरा रहेगा ।

 

अवशेष मतदाताओं के परिचय पत्र के लिये आज भी होगी फोटोग्राफी

अवशेष मतदाताओं के परिचय पत्र के लिये आज भी होगी फोटोग्राफी

ग्वालियर 13 अप्रैल 08 । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में अवशेष मतदाताओं के फोटो परिचय-पत्र तैयार कराने का कार्य जारी है । इस अनुक्रम में विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदान केन्द्रवार फोटोग्राफी जारी है । रविवार 14 अप्रैल को फोटोग्राफी का कार्य प्रात: 8 बजे से सांयकाल 6 बजे तक संपन्न कराया जायेगा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश श्रीवास्तव ने ऐसे मतदाताओं से जिन्हें अब तक परिचय पत्र प्राप्त नहीं हुये हैं अथवा परिचय पत्रों में त्रुटि है उनसे फोटोग्राफी कराने की अपील की है । जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में तो अंकित हैं लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम के सामने फोटो अंकित नहीं है। जिन्हें फोटो परिचय पत्र प्राप्त हुये हैं और फोटो परिचय-पत्र में प्रविष्टियों में अथवा फोटो में कोई गलती है। जिन मतदाताओं द्वारा डुप्लीकेट कार्ड बनवाने हेतु पूर्व में फोटो खिचवाया या फोटो दिया गया था और उन्हें फोटो परिचय पत्र तैयार होकर प्राप्त नहीं हुये हैं । मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं हैं और वे अपना नाम मतदाता सूची में अंकित कराना चाहते हैं । उन सभी से भी कलेक्टर ने अपील की है कि वे फोटोग्राफी स्थलों पर उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत करें तथा आवेदन पत्र के साथ यदि फोटो उपलब्ध है तो फोटो चस्पा करके नियुक्त कर्मचारियों को उपलब्ध करावें । यदि फोटो नहीं है तो अपने-अपने फोटो अनिवार्य रूप से खिंचाये ताकि मतदाता पहचान पत्र तैयार कराये जा सकें ।

       जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को 15- ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 10 से 13 तक के मतदाताओं के लिये नया मनोरंजन भवन डी.आर.पी. लाईन ग्वालियर, मतदान केन्द्र क्रमांक 147 से 150 तक के मतदाताओं के लिये जिला ग्रामीण अभिकरण कार्यालय ठाठीपुर मुरार, मतदान केन्द्र केन्द्र क्रमांक 79 से 89 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय बल्लभ भाई पटेल उमावि हजीरा,  मतदान केन्द्र क्रमांक 217 से 222 तक के मतदाताओं के लिये माध्यमिक विद्यालय भवन लोहमंडी ओदक ग्वालियर में फोटोग्राफी होगी । इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 16 लश्कर पूर्व के मतदान केन्द्र क्रमांक 15 से 23 तक तथा मतदान केन्द्र क्रमांक 45 एवं 53 से 55 तक तक के मतदाताओं के लिये कार्मल कान्वेंट स्कूल कर्नल साहब की डयोढ़ी फालका बाजार में फोटोग्राफी होगी । विधानसभा क्षेत्र 17 लश्कर पश्चिम के मतदान केन्द्र क्रमांक 29 से 32 तक के मतदाताओं के लिये आधुनिक बाल मंदिर छत्री बाजार लश्कर में फोटोग्राफी की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र 18 मुरार के लिये मतदान केन्द्र क्रमांक 22, 23, 30, 31, 32 तथा 46 से 52 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय कन्या महाविद्यालय मुरार, मतदान केन्द्र क्रमांक 96 के मतदाताओं के लिये सहायक यंत्री कार्यालय मध्यप्रदेश ग्रह निर्माण मंडल उपखंड-3 दीनदयाल नगर, मतदान केन्द्र क्रामंक 150 151 के मतदाताओं के लिये शा. हायर सैकेण्डरी स्कूल हस्तिनापुर में फोटो खिचेगी । विधानसभा क्षेत्र 19 गिर्द के मतदान केन्द्र क्रमांक 10 से 17 के मतदाताओं के लिये पंचायत भवन मोहना, मतदान केन्द्र क्रमांक 82 और 83 के मतदाताओं के लिये पंचायत भवन सुसैरा, मतदान केन्द्र 140 और 141 के मतदाताओं के लिये माध्यमिक विद्यालय मेंहगांव में फोटो खिचेगी तथा विधान सभा क्षेत्र क्रमांक 20 डबरा के मतदान केन्द्र क्रमांक 25, 26, 36 से 42 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय माध्यमिक भवन बागवई एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 128 से 132 तक के मतदाताओं के लिये महावीर सनातन धर्म विद्यालय जंगीपुरा डबरा में फोटोग्राफी दल उपलब्ध रहेंगें ।

 

बीमारी व पेयजल समस्या की सूचना तत्काल दें

बीमारी व पेयजल समस्या की सूचना तत्काल दें

किसी भी गांव में मौसमी बीमारी फैलने व पेयजल समस्या की सूचना तत्काल जिला मुख्यालय तक पहुंच सके इसके लिये पुख्ता प्रबंध किये जायें । जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने बैठक में निर्देश दिये कि विभागीय अमले को इसके लिये सचेत किया जाये, जिससे समस्यामूलक गांव में त्वरित गति से सहायता पहुंचाई जा सके।

 

ग्राम सभाओं में वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम की जानकारी विस्तार से दें -कलेक्टर

ग्राम सभाओं में वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम की जानकारी विस्तार से दें -कलेक्टर

ग्रामसभाओं की विशेष बैठकें 14 अप्रैल से

ग्वालियर 12 अप्रैल 08 । ग्राम सभाओं में वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम के बारे में विस्तार सेजानकारी दी जाये जिससे, पात्र अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वननिवासी परिवार वन भूमि पर अधिकार संबंधी दावे प्रस्तुत कर सकें । उक्त आशय के निर्देश जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने आज राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में संपन्न हुई बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिये । यह बैठक आगामी 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित होने जा रही ग्राम सभाओं की विशेष बैठकों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से बुलाई गई थी ।

 

       बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री पुरूषोत्तम धीमान व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तहसीलदार , अनुविभागीय अधिकारी वन, आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे ।

       जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि अनुसूचित जनजाति और अन्य परम्परागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम राज्य शासन की उच्च प्राथमिकता में शामिल है । अत: इसे गंभीरता से लें । उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से कहा कि 14 अप्रैल से आयोजि होने वाली ग्राम सभाओं से पूर्व प्रभावी ढंग से मुनादी करायें, ताकि पात्र लोग ग्राम सभा के समक्ष अपने दावे प्रस्तुत कर सकें । जिला कलेक्टर ने कहा कि वन अधिकारों की मान्यता अधिनियम के क्रियान्वयन में ग्राम सभा व वन ग्राम समिति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है । अत: अधिनियम के प्रावधानों के संबंध में इनकी बैठकों में विस्तार से जानकारी दी जाये । साथ ही इस अधिनियम से जुड़े मैदानी अमले को भी प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित किया जाये ।

       ग्राम सभाओं की बैठकों में विशेष राजस्व अभियान व रोजगार गारंटी योजना के संबंध में जानकारी दिलाने के निर्देश भी बैठक में दिये गये । कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अविवादित नामांतरण व बंटवारे के कोई भी प्रकरण लंबित न रहें । उन्होंने ओला प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण उपरांत एक सप्ताह के भीतर राहत वितरित करने तथा पेयजल समस्या पर खास ध्यान देने की भी हिदायत दी ।

       वनमंडलाधिकारी श्री पुरूषोत्तम धीमान ने नक्शे के आधार पर वन भूमि पर अधिकार संबंधी प्रकरणों को निराकृत करने की बात कही । जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने ग्राम सभाओं की बैठक में चर्चा के लिये रखे जाने वाले अन्य बिन्दुओं के बारे में बताया ।

 

सिंधिया ग्‍वालियर पहुँचे, कांग्रेसियों ने किया स्‍वागत मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और सिक्‍कों से तुले, अन्‍य कांग्रेसी गुटों ने किया बहिष्‍कार

सिंधिया ग्‍वालियर पहुँचे, कांग्रेसियों ने किया स्‍वागत

मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और सिक्‍कों से तुले, अन्‍य कांग्रेसी गुटों ने किया बहिष्‍कार

असलम खान, ब्‍यूरो चीफ जिला ग्‍वालियर

ग्‍वालियर 13 अप्रेल 08, आज केन्‍द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्‍य मंत्री श्रीमंत ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया मंत्री बनने के बाद पहली बार ग्‍वालियर आये । ग्‍वालियर में अनेक स्‍थानों पर कांग्रेसीयों ने श्रीमंत सिंधिया का जोरदार स्‍वागत किया । महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 68 किलो वजन के सिक्‍कों से श्रीमंत सिंधिया को तौला । कांग्रेसीयों ने पटाखे फोड़े और आतिशबाजी चलाई ।

श्रीमंत ग्‍वालियर पहुँचने के बाद मांडरे की माता और अपने पैतृक मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लेने भी पहुँचे ।  

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक आने वाला समय सिंधिया के लिये कठिन परीक्षा का है जिसमें कई चुनौतियों के बीच सिंधिया को स्‍वयं को साबित करना होगा । और एक साल के भीतर करिश्‍मे दर करिश्‍मे दिखाने होंगे । उल्‍लेखनीय है कि ग्‍वालियर चम्‍बल अंचल में कांग्रेस बेहद खस्‍ताहाल और गुटबंदी से ग्रस्‍त है । कांग्रेस के अन्‍य खेमों व गुटों ने ग्‍वालियर चम्‍बल अंचल में सिंधिया के स्‍वागत और अन्‍य कार्यक्रमों का खुला बहिष्‍कार कर दिया है । चम्‍बल अंचल में हालत इतनी खराब है कि भीड़ जुटाने के लिये रात भर गॉंवों में पॉंच सौ रूपये प्रति तीन व्‍यक्ति के मान से कांग्रेसी रूपये बांटते रहे । सूत्रों से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार कांग्रेसी ही आपस में कांग्रेस को निपटाने की मुहिम में लग बैठे हैं, कांग्रेस के अन्‍य गुटों को सिंधिया का इस तरह मंत्री बनना रास नहीं आ रहा । कई बातों को लेकर अन्‍य कांग्रेसी गुटो ने अनेक आपत्तियां व प्रश्‍न खड़े कर दिये हैं जिनका आने वाले वक्‍त में न केवल खुलासा होगा वरन संभवत: सड़कों पर सारी बातें आ जायेंगी ।

उल्‍लेखनीय है कि बीते समय में अन्‍य कांग्रेस नेताओं के कार्यक्रमों का सिंधिया गुट द्वारा बहिष्‍कार किया गया था, जिसके चलते बदले में दूसरे लोग सिंधिया के कार्यक्रमों का बहिष्‍कार कर रहे हैं ।