देश की सम्पन्नता की कसौटी करोड़पतियों की संख्या नहीं बल्कि कमजोर वर्गों में आयी समृध्दि हो – लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी

देश की सम्पन्नता की कसौटी करोड़पतियों की संख्या नहीं बल्कि कमजोर वर्गों में आयी समृध्दि हो – लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी

देश के पर्यटन नक्शे में अम्बेडकर नगर एक महत्वपूर्ण स्थान होगा – मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, अम्बेडकर जन्म स्थली पर 12 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित भव्य स्मारक लोकार्पित

भोपाल 14 अप्रैल 08 । लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि भारत कितना सम्पन्न हुआ है इसकी कसौटी यह नहीं है कि कितने लोग करोड़पति हो गये हैं बल्कि यह है कि कमजोर और पिछडे वर्ग के लोगों में कितनी समृध्दि आयी है। इस कसौटी को स्वीकार करके आगे बढ़ने पर ही देश की वास्तविक उन्नति होगी। वे आज बाबा साहब अम्बेडकर की जन्मस्थली अम्बेडकर नगर (महू) में 12 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित अम्बेडकर स्मारक के लोकार्पण के बाद विशाल सभा को संबोधित कर रहे थे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर श्री आडवाणी ने बाबा साहब अम्बेडकर की 14 फीट ऊंचाई की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सर कार्यवाह श्री मदनदासजी देवी विशेष रूप से उपस्थित थे।

श्री आडवाणी ने आगे कहा कि अच्छा शासन ईमानदार और प्रामाणिक शासन होना चाहिये। इसमें आम आदमी को अपने कामों के लिये पैसा खर्च करना पड़े यह ठीक नहीं है। अच्छा शासन विकास और शिक्षा पर आधारित होता है। आज देश में आजादी के 60 साल बाद भी गरीबी जैसी समस्याएं हल नहीं हुई है तो हमें समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति की कसौटी पर इन समस्याओं को देखना चाहिये। वर्तमान में महंगाई और मुद्रास्फति सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच चुकी है। इसका सामना भारत तभी कर सकता है जब किसानों को सारी सुविधाएं मिले। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने जीवन में जो कुछ प्राप्त किया कर्म के आधार पर प्राप्त किया। यही उनकी सबसे बड़ी विशेषता थी। उन्होंने कहा कि आज का समारोह ऐतिहासिक है क्योंकि डॉ.अम्बेडकर जैसे महापुरूष के जीवन से जुड़े तीन स्थानों पर जन्मभूमि सबसे महत्वपूर्ण है। यहां पर भव्य स्मारक का निर्माण कर मध्यप्रदेश की सरकार ने अम्बेडकर की स्मृति को चिरस्थायी बनाया है। इस स्मारक का भूमिपूजन 17 साल पहले हुआ था पर निर्माण की प्रगति अभी पिछले दो-तीन साल में हुई है। अम्बेडकर जैसे महान व्यक्तित्व कम ही हुये हैं। उन्होंने स्वतंत्र भारत की शासन व्यवस्था के लिये संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। आजादी के बाद बने पहले मंत्रीमण्डल में कांग्रेस के अलावा अन्य दलों से दो महान व्यक्तित्व को गांधीजी की सलाह पर नेहरूजी ने मंत्री बनाया था जिसमें एक डॉ.अम्बेडकर और दूसरे डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी थे। डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी को औद्योगिक मंत्री और डॉ. अम्बेडकर को विधि मंत्री बनाया गया था। उन्होंने कहा कि 60 साल के बाद भी स्वराज को सुराज में बदलने की जरूरत है। जो सरकार गरीबों और कमजोरों के विकास की चिंता करती है वह देश का भला करती है और अम्बेडकर की कल्पना को साकार करती है। मध्यप्रदेश में हो रही लगातार प्रगति का जिक्र करते हुए श्री आडवाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में प्रदेश सरकारें सड़क, बिजली, पानी के क्षेत्र में लगातार विकास के काम कर रही है। इन सरकारों को हमेशा इस बात की चिंता रहती है कि देश के विकास के लिये क्या किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब आम्बेडकर का स्मारक श्रध्दा का विषय है। इसे पूरा करना हमारा कर्तव्य था। अब तय किया गया है कि यहां पर सौंदर्यीकरण का काम किया जायेगा और बाबा साहब अम्बेडकर के जीवन पर आधारित लाईट एण्ड साऊण्ड प्रोग्राम शुरू किया जायेगा। अम्बेडकर नगर में आने वाले श्रध्दालुओं के निवास के लिये स्थायी धर्मशालाएं बनवायी जाएंगी। देश के पर्यटन नक्शे में अम्बेडकर नगर एक महत्वपूर्ण स्थान होगा। राज्य सरकार द्वारा यहां हर साल अम्बेडकर महाकुंभ का आयोजन किया जायेगा। देशभर से श्रध्दालु आयेंगे और अम्बेडकर जयंती पर स्मारक में दर्शन करके राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा लेकर जायेंगे। डॉ.अम्बेडकर ने समता मूलक भारत निर्माण का संदेश देते हुए कहा था कि हम सबसे पहले भारतीय हैं और अंत में भी भारतीय हैं। मध्यप्रदेश में बाबा साहब अम्बेडकर के सपनों को साकार करने के लिये कई योजनाएं शुरू की गयी हैं। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के 189 विधानसभा क्षेत्रों में अम्बेडकर मंगल भवन बनाये गये हैं। अम्बेडकर आई. टी. आई. खोले गये हैं। अम्बेडकर स्वरोजगार योजना क्रियान्वित की जा रही है। बाबा साहब अम्बेडकर के नाम पर मेधावी विद्यार्थी योजना शुरू की गयी है। प्रदेश में अनुसूचित जाति की बालिकाओं को सायकल देने और विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश पर छात्रवृत्ति देने, बारहवीं में प्रथम श्रेणी आने पर गांव की बेटी घोषित कर उसकी कालेज की पढ़ाई का खर्च उठाने, अनुसूचित जाति के प्रतिभावान युवा की विदेश में पढ़ाई का खर्च उठाने जैसी कई योजनाएं चलायी जा रही हैं। अब अनुसूचित जाति के विद्याथियों के सभी छात्रावासों में अम्बेडकर लायब्रेरी खोली जायेगी। अनुसूचित जाति बहुल गांव में सड़क, बिजली, पानी और आंतरिक मार्ग निर्माण के कार्य कराये जायेंगे। मध्यप्रदेश में बेटी को वरदान बनाने के लिये लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की गयी है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में हर बेटी के विवाह की व्यवस्था की गयी है। मध्यप्रदेश में तेजी से औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। अब निजी उद्योगों में कमजोर वर्ग के लोगों को रोजगार मिल सके इसके प्रयास किये जायेंगे। शिक्षा और रोजगार बढ़ाने के साथ कमजोरों के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा करने का कार्य भी राज्य सरकार कर रही है।

सहसर कार्यवाह श्री मदन दासजी देवी ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने लोक शिक्षा और संगठन के लिये कार्य किया है। उन्होंने समाज में समानता लाने के प्रयास किये हैं। उन्होंने भारत को संविधान निर्माण के जरिये दिशा दिखाई है।

प्रदेश के लोक निर्माण तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने सबको साथ लेकर आत्म विश्वास जगाने की कोशिश की थी। अम्बेडकर कुंभ शुरू करने का श्रेय मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को है। अम्बेडकर जंयती पर महू आने वाले हर अनुयायी का ख्याल एक मेहमान की तरह किया जा रहा है। कल से अभी तक हजारों लोग आ चुके हैं। महू के नागरिकों ने सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए आने वाले श्रध्दालुओं के पेयजल, भोजन आदि की व्यवस्था की है। कई सामाजिक संस्थाओं ने आगे आकर सहयोग दिया है। वर्तमान राज्य सरकार के आने के बाद स्मारक के लिये दस करोड़ रूपये दिये गये हैं।

कार्यक्रम में भदंत श्री सदानंद ने कहा कि जन्म स्थली पर स्मारक निर्माण से राज्य सरकार बाबा साहब अम्बेडकर के अनुयायियों का दिल जीत लिया है। भविष्य में स्मारक में ऐसी गतिविधियां आयोजित की जाएं जो समाज और देश को उनका संदेश दे। देश को बांटने के बजाए जोड़ा जाए। भदंत श्री सदानंद ने कहा कि राज्य सरकार बधाई की पात्र है जिसने यहां पर इतना अच्छा और सुन्दर स्मारक बनाया है। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर मेमोरियल समिति को भविष्य में अन्य गतिविधियों के लिये भूमि उपलब्ध करायी जाये। भदंत श्री संघशील ने कहा कि 12 माह में विश्व का सुंदरतम स्मारक तैयार किया गया है और केवल 14 दिन में 14 फीट की भव्य प्रतिमा तैयार की गयी है। यह एक सराहनीय कार्य है।

अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री इंद्रेश गजभिये ने संबोधित करते हुए कहा कि स्मारक का निर्माण राज्य सरकार की इच्छा शक्ति का प्रमाण है। डॉ.बाबा साहब अम्बेडकर शोषण और अत्याचार के विरूध्द एकता और अखण्डता का प्रमाण थे। दलितों की लड़ाई सम्मान की लड़ाई है।

कार्यक्रम में सांसद श्री सत्यनारायण जटिया ने कहा कि जन्म से सब समान होते हैं। समय और धारणा के कारण मनुष्य-मनुष्य में फर्क किया जाता है। बाबा साहब अम्बेडकर ने इस फर्क को दूर कर समाज में समता लाने का कार्य किया। कार्यक्रम में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता श्री आडवाणी ने मध्यप्रदेश में अनुसूचित जाति नई राह नई दिशा पुस्तिका और बाबा साहब अम्बेडकर संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन किया।

कार्यक्रम में राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री सोमपाल शास्त्री, सांसद सुमित्रा महाजन, महापौर डॉ.उमाशशि शर्मा, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मधु वर्मा, विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया और श्री मनोज पटेल, श्री सुदर्शन गुप्ता और डॉ. रीता उपमन्यू सहित बड़ी संख्या में श्रध्दालुजन मौजूद थे। अंत में आभार प्रदर्शन श्रम एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने किया।

 

डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर के बताये हुये मार्ग पर चलकर उनके सपनों को साकार करें – कुशवाह

डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर के बताये हुये मार्ग पर चलकर उनके सपनों को साकार करें – कुशवाह

ग्वालियर 14 अप्रैल 08 । राजस्व एवं वन राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्तरों में सुधार लाने हेतु अनेक कल्याणकारी योजनायें एवं कार्यक्रम संचालित कर रही है । आवश्यकता इस बात की है कि इन वर्गों के बीच में जाकर इन योजनाओं की जानकारी प्रदाय कर उनका लाभ उठाने हेतु प्रेरित करें

       राजस्व एवं वन राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह संविधान निर्माता एवं भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आज गोल पहाडिया क्षेत्र में समरसता सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने की ।

       श्री कुशवाह ने इस मौके पर सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 21 महिला एवं पुरूषों को श्रीफल, शॉल एवं पुष्पहारों से सम्मानित किया ।

       श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ अनूसूचित जाति वर्ग के लोगों के समग्र विकास हेतु अनेकों योजनायें शुरू की हैं । उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की पंचायत का आयोजन कर इस वर्ग के कल्याण के लिये अनेकों सहुलियतें प्रदाय की गई हैं । उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के शिक्षित बेरोजगार अपना जीवन अन्य समाजों के समान बेहतर तरीके से जी सकें इसके लिये स्वरोजगार हेतु 100 करोड़ की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है ।

       श्री कुशवाह ने कहा कि इस वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति एवं शिष्यावृत्ति की राशि में वृध्दि की गई है । दीनदयाल अन्त्योदय उपचार योजना के तहत इस वर्ग के गरीबी की रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के उपचार एवं दवाईयों पर अब एक वर्ष में 30 हजार रूपये की राशि खर्च की जायेगी ।

       राजस्व राज्यमंत्री ने कहा कि महू (अम्बेडकर नगर) में आज डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की स्मृति में भव्य स्मारक भवन का लोकापर्ण किया गया है । इस स्मारक भवन के निर्माण कार्य की शुरूआत तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा की सरकार द्वारा की गई थी । जिसे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने पूर्ण किया है ।

       श्री कुशवाह ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि उनके बताये हुये मार्ग पर चलकर उनके सपनों को साकार करें । भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने दलितों के लिये ही नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान के लिये कार्य किया । भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चें के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य श्री ताराचंद जाटव ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुये कहा कि समाज एवं देश के उत्थान में डॉ. अम्बेडकर के दिये गये योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है । डॉ. अम्बेडकर सर्व समाज के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महापुरूष थे । उन्हें किसी एक समाज का बताना उनके साथ न्याय नहीं होगा । भाजापा अनुसूचित जाति मोर्चें के संभागीय प्रभारी श्री शिवराज जाटव, अनुसूचित जाति मोर्चें के जिलाध्यक्ष श्री पप्पू बडोनिया आदि ने भी डॉ. अम्बेडकर के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला । शुरू में श्री कुशवाह ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यापर्ण किया ।

 

मानसिक आरोग्यशाला में अटेण्डर्स को सस्ती दर पर भोजन केण्टीन सेवा शुरू

मानसिक आरोग्यशाला में अटेण्डर्स को सस्ती दर पर भोजन केण्टीन सेवा शुरू

ग्वालियर 14 अप्रैल 08 । ग्वालियर स्थित मानसिक आरोग्यशाला में इलाज के लिये आने वाले मरीजों के अटेण्डर्स को अब अस्पताल परिसर में ही सस्ती दर पर भोजन सुलभ होगा । यहां सर्व सुविधायुक्त केण्टीन सेवा शुरू हो गई है । केण्टीन का संचालन रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से होगा । जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव की मौजूदगी में आज विभिन्न मरीजों के परिजनों को भोजन कराने के साथ ही इस केण्टीन ने अपनी सेवा आरंभ कर दी हैं । इस मौके पर जिला कलेक्टर ने केण्टीन प्रबंधकों से कहा कि भोजन की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न हो । उन्होंने स्वच्छ पेयजल हेतु केण्टीन में एक्वागार्ड लगाने के लिये भी आरोग्यशाला संचालक से कहा । इस अवसर पर मानसिक आरोग्यशाला की संचालक डॉ. ज्योति बिंदल व रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. आर.पी. शर्मा सहित अन्य चिकित्सकगण तथा रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे ।

       मरीजों के अटेण्डर्स को सस्ती दर पर भोजन मुहैया कराने के लिये निश्चित समयावधि में इस केण्टीन सेवा की शुरूआत संभाग आयुक्त डॉ. कोमल सिंह द्वारा ली गई व्यक्तिगत रूचि से संभव हो सकी है । गौरतलब है कि ग्वालियर स्थित मानसिक आरोग्य शाला मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य की इकलौती आरोग्यशाला है । राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी इस आरोग्यशाला में मरीजों के अटेण्डर्स के लिये भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिये थे । मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के परिपालन में त्वरित गति से इस सेवा को आरंभ कराया गया है ।

       आरोग्यशाला की संचालक डॉ. ज्योति बिंदल ने बताया कि केण्टीन भवन का निर्माण 14 लाख 39 हजार रूपये की लागत से हुआ है । उन्होंने बताया कि सस्ती दर पर भोजन मुहैया कराने के साथ ठण्डे पानी के लिये कूलर की सुविधा भी केण्टीन परिसर में जुटाई गई है । रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. शर्मा ने बताया कि 10 रूपये प्रति थाली के हिसाब से मरीजों के अटेण्डर्स को केण्टीन से भोजन प्रदान किया जायेगा ।

केण्टीन में भोजन कर खुश हुये मरीजों के परिजन

       अपने मरीज को लेकर आये परिजनों को मानसिक आरोग्यशाला के नजदीक भोजनालय न होने से भोजन की तलाश में दूर-दूर तक भटकना पडता था । आज जब आरोग्यशाला परिसर में ही उन्हें केण्टीन में भोजन मिला तो उनके चेहरे पर संतुष्टि के स्पष्ट भाव दिखाई दिये । बांदा उत्तर प्रदेश से आये श्री अशोक पाण्डेय व संजय वर्मा से लेकर प्रदेश के विदिशा जिले से आये प्रकाश नारायण, भिण्ड के वीरेन्द्र सिंह व मुरैना के जौराखुर्द से अपने मरीज को इलाज के लिये लेकर आये श्री मुन्नालाल ने केण्टीन सेवा की खुलकर सराहना की और यह सेवा शुरू करने वालों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया ।

 

आज भी जारी रहेगी अवशेष मतदाताओं की फोटोग्राफी

आज भी जारी रहेगी अवशेष मतदाताओं की फोटोग्राफी

ग्वालियर 14 अप्रैल 08 । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में अवशेष मतदाताओं के फोटो परिचय-पत्र तैयार कराने का कार्य जारी है । इस अनुक्रम में विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदान केन्द्रवार फोटोग्राफी जारी है । मंगलवार 15 अप्रैल को फोटोग्राफी का कार्य प्रात: 8 बजे से सांयकाल 6 बजे तक संपन्न कराया जायेगा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश श्रीवास्तव ने ऐसे मतदाताओं से जिन्हें अब तक परिचय पत्र प्राप्त नहीं हुये हैं अथवा परिचय पत्रों में त्रुटि है उनसे फोटोग्राफी कराने की अपील की है । जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में तो अंकित हैं लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम के सामने फोटो अंकित नहीं है। जिन्हें फोटो परिचय पत्र प्राप्त हुये हैं और फोटो परिचय-पत्र में प्रविष्टियों में अथवा फोटो में कोई गलती है। जिन मतदाताओं द्वारा डुप्लीकेट कार्ड बनवाने हेतु पूर्व में फोटो खिचवाया या फोटो दिया गया था और उन्हें फोटो परिचय पत्र तैयार होकर प्राप्त नहीं हुये हैं । मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं हैं और वे अपना नाम मतदाता सूची में अंकित कराना चाहते हैं । उन सभी से भी कलेक्टर ने अपील की है कि वे फोटोग्राफी स्थलों पर उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत करें तथा आवेदन पत्र के साथ यदि फोटो उपलब्ध है तो फोटो चस्पा करके नियुक्त कर्मचारियों को उपलब्ध करावें । यदि फोटो नहीं है तो अपने-अपने फोटो अनिवार्य रूप से खिंचाये ताकि मतदाता पहचान पत्र तैयार कराये जा सकें ।

       जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल को 15- ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 10 से 13 तक के मतदाताओं के लिये नया मनोरंजन भवन डी.आर.पी. लाईन ग्वालियर, मतदान केन्द्र क्रमांक 147 से 150 तक के मतदाताओं के लिये जिला ग्रामीण अभिकरण कार्यालय ठाठीपुर मुरार, मतदान केन्द्र केन्द्र क्रमांक 79 से 89 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय बल्लभ भाई पटेल उमावि हजीरा,  मतदान केन्द्र क्रमांक 223 से 226 तक के मतदाताओं के लिये पी.डी. कान्वेंट स्कूल रमटापुरा ग्वालियर में फोटोग्राफी होगी । इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 16 लश्कर पूर्व के मतदान केन्द्र क्रमांक 30 से 42 तक के मतदाताओं के लिये माधव महाविद्यालय नई सड़क लश्कर में फोटोग्राफी होगी । विधानसभा क्षेत्र 17 लश्कर पश्चिम के मतदान केन्द्र क्रमांक 33, 34, 35, 36, 44, 45, 46 तथा 49 से 52 तक के मतदाताओं के लिये गजराराजा कन्या उ.मा.वि. लश्कर में फोटोग्राफी की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र 18 मुरार के लिये मतदान केन्द्र क्रमांक 22, 23, 30, 31, 32 तथा 46 से 52 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय कन्या महाविद्यालय मुरार, मतदान केन्द्र क्रमांक 96 के मतदाताओं के लिये स्वामी विवेकानंद अकादमी दीनदयाल नगर, मतदान केन्द्र क्रामंक 152 के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालस फुसावली में फोटो खिचेगी । विधानसभा क्षेत्र 19 गिर्द के मतदान केन्द्र क्रमांक 18 और 19 के मतदाताओं के लिये प्रायमरी पाठशाला भवन दौरार, मतदान केन्द्र क्रमांक 84 के मतदाताओं के लिये पंचायत भवन रायरू, मतदान केन्द्र 142 के मतदाताओं के लिये माध्यमिक विद्यालय भवन सिरसुला में फोटो खिचेगी तथा विधान सभा क्षेत्र क्रमांक 20 डबरा के मतदान केन्द्र क्रमांक 27, 28, 30, 31 के मतदाताओं के लिये शासकीय माध्यमिक विद्यालय भवन झाडौली एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 133, 134, 137, 138, 139, 140, 145, 146 के मतदाताओं के लिये वेयर हाउस अधिकारी भवन जवाहरगंज डबरा में फोटोग्राफी दल उपलब्ध रहेंगें ।

 

मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में गरीबों को मिलेगा प्रतिमाह 20 किलो खाद्यान्न – कुशवाह

मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में गरीबों को मिलेगा प्रतिमाह 20 किलो खाद्यान्न - कुशवाह

7 लाख से अधिक की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण

ग्वालियर 13 अप्रैल 08 । राजस्व एवं वन राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि गरीबी की रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिये मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजनाप्रदेश में 16 एवं 17 अप्रैल से शुरू की गई है । इस योजना के तहत गरीबी की रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को प्रतिमाह 20 किलो खाद्यान्न प्रदाय किया जायेगा । जिसमें 3 रूपये प्रतिकिलो गेहूं और 4.50 रूपये प्रतिकिलो के मान से चावल दिया जायेगा ।

       राजस्व एवं वन राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह आज वार्ड क्रमांक-48 गोल पहाड़िया लश्कर में विधायक निधि से 7 लाख 20 हजार रूपये की लागत से कुशवाह समाज पंचायत हेतु निर्मित सामुदायिक भवन के लोकापर्ण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे ।

श्री कुशवाह ने इस मौके पर आदिम जाति कल्याण विभाग के तहत 6 लाख की लागत से बनने वाली सीमेंट क्रांकीट सड़कों का भूमि पूजन भी किया ।

       श्री कुशवाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि यह क्षेत्र वर्षों से अपेक्षित था, जहां पेयजल, सड़क, बिजली जैसी अनेकों मूलभूत समस्यायें थीं । इन समस्याओं का एक-एक कर निराकरण उनके द्वारा किया गया । जहां इस क्षेत्र की गलियों में सड़कों का निर्माण किया गया है, वहीं पेयजल हेतु टयूवबेल खनन कर लोगों तक पेयजल मुहैया कराया जा रहा है । उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बिजली की समस्या से जूझना न पड़े इसके लिये विद्युत खम्बों के साथ-साथ ट्रान्सफार्मर स्थापित कर सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई है ।

       राजस्व राज्यमंत्री ने कहा कि आज जिस सामुदायिक भवन का लोकापर्ण किया गया है इसकी देखरेख एवं सुरक्षा की जबावदारी क्षेत्रवासियों की होगी । इसके लिये एक समिति का गठन भी करें और इसके उपयोग हेतु एक न्यूनतम राशि भी रखी जाये । यह राशि इस भवन की देखरेख, सुरक्षा एवं साफ-सफाई पर खर्च की जा सकेगी । उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन का उपयोग उसके नाम के अनुरूप ही हो, इसमें ऐसा कोई भी कार्य न करें जो भवन के नाम को कलकिंत करें इसकी जबावदारी समिति के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की भी होगी। श्री कुशवाह ने कहा कि इस सामुदायिक भवन में शीघ्र ही विद्युत फिटिंग कार्य के साथ-साथ एक मंजिल भवन तथा हॉल का निर्माण कराया जायेगा।

       श्री कुशवाह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिये अनेकों योजनायें एवं कार्यक्रम संचालित किये हैं । जहां मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के माध्यम से गरीब परिवार की कन्याओं की शादी कराई जा रही है । वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत अब बालिका परिवार की बोझ नहीं बनेगी बल्कि उसकी शिक्षा से लेकर शादी तक की जबावदारी सरकार ने ली है । अत: अपनी बालिकाओं को पढ़ने हेतु स्कूल अवश्य भेंजे ।

       कार्यक्रम को संबोधित करते हुये भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने कहा कि श्री कुशवाह ने क्षेत्रीय विधायक के रूप में क्षेत्र की जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की जो पहल की है वह सराहनीय है। विधायक निधि की राशि से सामुदायिक मंगल भवन जैसे निर्माण कार्य कराये गये जिसका अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके ।

       कार्यक्रम में नगर निगम ग्वालियर के जनकार्य प्रभारी श्री रवीन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि श्री कुशवाह द्वारा क्षेत्र के विकास के लिये विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के शुरू में वार्ड पार्षद श्री राकेश माहौर ने स्वागत भाषण देते हुये वार्ड में किये गये विकास कार्यों की जानकारी दी । इस मौके पर गणमान्य नागरिक तथा वार्डवासी आदि उपस्थित थे ।

 

लक्ष्‍मी किसके पास रहती है

लक्ष्‍मी को पाना है तो या तो उल्‍लू बनना होगा या प्रभु विष्‍णु, लक्ष्‍मी केवल इन्‍हीं दोनों के पास ही रहती है । एक की सवारी करती है और एक की सेवा । जितने अंश तक उल्‍लू या विष्‍णु के गुण तुम्‍हारे भीतर होंगे, उतने ही अंश तक लक्ष्‍मी तुम्‍हारे पास रहेगी जेम्‍स एलन

ग्‍वालियर श्‍योपुर छोटी लाइन बड़ी लाइन में बदलेगी, अंचल में बरसेंगीं कई सौगातें दूर होंगीं शिकायतें

किसान सभा में जमकर गरजे सिंधिया, बूढ़ी को गले लगाकर लोगों के दिल जीते

ग्‍वालियर श्‍योपुर छोटी लाइन बड़ी लाइन में बदलेगी, अंचल में बरसेंगीं कई सौगातें दूर होंगीं शिकायतें

बिजली, बीज, खाद और पानी के साथ किसानों को हथकड़ी लगाने पर फटकारा शिवराज सरकार को

सिंधिया ने बिखेरा सामूहिक सम्‍मोहन, अपने नाई और डाकिये को सबसे मिलाया, कहकर बजवाईं तालीयां  

असलम खान, ब्‍यूरो चीफ जिला ग्‍वालियर

मुरैना 14 अप्रेल 08, मुरैना के बानमोर कस्‍बे में अम्‍बेडकर जयन्‍ती पर आयोजित विशाल किसान सभा को अपने आक्रामक तेवरों के साथ सम्‍बोधित करते हुये जहॉं केन्‍द्रीय मंत्री श्रीमंत ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने न केवल लोगों के दिल जीत लिये बल्कि राजमहल व झोपड़ी के बीच की दूरी भी एक झटके में खत्‍म कर दी सिंधिया के लिये बना मंच कांग्रेसीयों की भीड़ ने सिंधिया के पहुँचने से पहले ही कबजिया लिया था, लेकिन फिर भी आम आदमी को उन तक पहुँचने में असुविधा नहीं हुयी । इसी के चलते एक बूढ़ी महिला जैसे तैसे मंच पर पहुँच गयी और सिं‍धिया से मिलने उनके नजदीक पहुँच गयी । सिंधिया ने जिस आत्‍मीयता से उसे अपने गले से चिपटा कर अपनी मॉं से अधिक सम्‍मान व आत्‍मीयता दी तो सभा में उपस्थित सभी लोग भाव विभोर हो गये । न केवल सबके मुँह से वाह निकला बल्कि धन्‍य धन्‍य कह उठे कांगेसीयों के भारी भरकम स्‍वागतोपरान्‍त सिंधिया ने जब बोलना शुरू किया तो उपस्थित जन चमत्‍कृत होकर उन्‍हें सुनते रह गये । श्रीमंत सिंधिया ने शुरूआत में बाबा साहब अमबेडकर का स्‍मरण किया और उनके तीन सूत्रों को लोगों को गांठ में बांधने की सलाह दी । सिंधिया ने कहा कि अन्‍याय सहन मत करो, पड़ोसी पर होने वाले अन्‍याय को तो कतई बर्दाश्‍त मत करो । यदि एक आदमी अन्‍याय के खिलाफ लड़ता है तो जब तक वह अकेला रहता है तब तक उसे प्रताड़ना सहनी पड़ती है और जब कई लोग उसके साथ हो जाते हैं तो अन्‍यायी का साम्राज्‍य ही ध्‍वस्‍त हो जाता है ।

सिंधिया ने किसानों के साथ हो रहे जुल्‍म के खिलाफ दहाड़ते हुये कहा कि, इस भाजपाई सरकार की जुर्रत कैसे हुयी मेरे अन्‍नदाताओं पर जुल्‍म ढाने की, मेरा किसान मेरा अन्‍नदाता जो सारे देश को रोटी खिलाता है, एसे बिजली, पानी, बीज और खाद के लिये इस भाजपा सरकार ने तरसा दिया । रतलाम में हथकडि़यां डाल कर सरे बाजार घुमाया, मुझे ये बर्दाश्‍त नहीं, अपने अन्‍नदाताओं के खिलाफ जुल्‍म एक पल के लिये मैं बर्दाश्‍त नहीं करूंगा ।

श्रीमंत सिंधिया ने अपने आक्रोशित तेवरों में गुस्‍से से लाल चेहरे और ओजस्‍वी वाणी में कहा कि मेंरे किसानों मेरे अन्‍नदाताओं की बिजली की डी.पी. गांवों से उखाड़ ले जाते हैं, उनके तार काट देते हैं और उन्‍हें ऋणदाताओं के द्वारा गला घोंटने के लिये छोड़ देते हैं ।

यह देश यह प्रदेश व्‍यापारीयों का देश या प्रदेश नहीं है, यह देश यह प्रदेश मेरे किसानों मेरे अन्‍नदाताओं का देश प्रदेश है, और यदि इस देश का विकास करना है इसकी सच्‍ची उन्‍नति करनी है तो यहॉं व्‍यापारीयों की नहीं किसानों की अन्‍नदाताओं की तरक्‍की व विकास होना चाहिये, तभी इस देश का या प्रदेश का विकास होगा । हजारों करोड़ के निवेश करार से नहीं बल्कि गरीब किसान को समृद्ध बनाने से प्रदेश और देश का विकास होगा ।

किसान का अन्‍नदाता का अस्तित्‍व ही छीना जा रहा है, किसानों की इस धरती पर अन्‍य के लिये सीमित स्‍थान है, अन्‍नदाता सर्वोपरि है उसे उत्‍कृष्‍ट जगह मिलनी ही चाहिये । मैं किसान पर जुल्‍म बर्दाश्‍त नहीं करूंगा ।

सिंधिया बीच बीच में लोगों का संकोच दूर करने के लिये चुटकी ले कर लोगों को हंसाते भी रहे वहीं अपने आक्रामक तेवर भी यथावत बरकरार रखे रहे । वहीं बीच बीच में लोगों को तालियां बजाने की कह कर उनका सामूहिक सम्‍मोहन तोड़ कर उनसे तालियां भी बजवाते रहे ।

सामूहिक सम्‍मोहन का ऐसा अद्भुत नजारा सिंधिया ने दिखाया कि लोग सिंधिया के भाषण में खो कर ही रह गये ।

सिंधिया ने अपनी क्रमबद्ध उपलब्धियों क्रमश: धड़ाधड़ वहॉं गिनवाया । श्रीमंत सिंधिया ने सभा में बताया कि श्‍योपुर ग्‍वालियर नैरोगेज को ब्राडगेज में बदलने की मांग उनसे की गयी थी, जो कि शीघ्र ही ब्राडगेज में बदल जायेगी ।

श्रीमंत सिंधिया ने चम्‍बल की जनता के सामने बताया कि मेरे स्‍वर्गीय पिता ने मुझे बचपन से ही सिखाया था कि राजनीति जनसेवा का माध्‍यम है इसलिये राजनीति करनी होती है इसका अन्‍य कोई अर्थ या उद्देश्‍य नहीं होना चाहिये । वे बोले नेता तो झूठे होते हैं , और महज कोरे आश्‍वासन देते हैं, लोग इन नेताओं से तंग आ चुके हैं और नेताओं से चिढ़ने लगे हैं । सिधिया बोले कि मैं भी इन नेताओं से तंग आ गया हूं , मुझे भी इनसे नफरत है, लेकिन कीचड़ मे घुसकर ही कीचड़ साफ होती है सो मैं भी नेता हूँ , चुटकी लेते हुये सिंधिया ने कहा कि मैं आपके परिवार का सदस्‍य हूं , मुझे वैसा वाला नेता मत समझ लेना जिससे लोग ठहाका लगा बैठे ।

सिंधिया ने कहा कि सम्‍बन्‍ध कायम करने में ढाई सौ साल लगते हैं, और तोड़ने में पल भी नहीं लगता, ये नाजुक होते हैं इन्‍हें सहेज कर रखना चाहिये ।

सिंधिया ने वायदा किया कि मैं अपने पिता को अपना आदर्श मानता हूँ और एक योग्‍य व उत्‍तम पिता का योग्‍य पुत्र होने के नाते कुछ भी ऐसा नहीं करूंगा जिससे मेंरे स्‍वर्गीय पिता की छवि पर कोई दाग लगे उन्‍हें संताप हो । मेरा हर कदम हर कोशिश यही रहेगी कि मैं अपनी पारिवारिक परम्‍परा और निष्‍ठा को बरकरार रखूंगा तथा समर्पित भाव से सदा आपकी सेवा करूंगा ।

श्रीमंत सिंधिया ने नेताओं से कहा कि पहले जनता के जितने भी काम हैं वह करवाओ, और जब जनता के सारे काम हो जायें तब फिर आपके काम भी करूंगा, पहले जनहित वाले काम देख लो उनको निबटा लो फिर आपके निजी काम भी होंगे ।

श्रीमंत सिंधिया ने कहा कि मैं ग्‍वालियर चम्‍बल के लिये जो भी जितना भ बन पड़ेगा करूंगा, और यह शिकायत नहीं रहने दूंगा कि ये नहीं हुआ वो नहीं हुआ । मैं आपको ऐसी अद्भुत व अविस्‍मरणीय सौगातें दूंगा कि आप मेरे स्‍व. पिता की तर‍ह मुझे भी अपने दिलों से निकाल नहीं पायेंगे । मुझे यहॉं आपके लिये बहुत कुछ करना है, हालांकि समय कम है और महज एक साल में मुझे आपके लिये बहुत कुछ करना है पर मेरा वायदा है मैं करूंगा, मेरे हिसाब से मेरे लिये इतना ही वक्‍त पर्याप्‍त है और मैं  कर दूंगा मैं करूंगा ।

मैं संचार क्षेत्र में भी विशेष ध्‍यान देकर आपकी सारी शिकायतें दूर कर दूंगा, मैंने यहॉं की बहुत शिकायतें सुनीं हैं आप बेफिक्र रहिये कोई शिकायत नहीं रहेगी । मैं आपसे अपना पारिवारिक नाता बना कर रखना चाहता हूं और यह अटूट व सदा कायम रहना चाहिये ।

श्रीमंत सिंधिया ने अपने परिवार के दो अभिन्‍न सदस्‍यों से भी लोगों को मिलवाया, श्रीमंत सिंधिया ने मंच पर मौजूद एक नाई व एक डाकिये को सबसे परिचित कराया और बताया कि एक तो रोज मेरा द्वारा खटखटाता है, रोज मेरी चिठ्ठी लाता है , दूसरा मेरे बाल काटता है, ये मेरे परिवार के सच्‍चे सदस्‍य व मेरे सच्‍चे हितैषी है, जो अनवरत रूप से मेरी सेवा करते हैं ।