बैतूल चुनाव : कांग्रेस नही कमलनाथ को झटका, मुख्‍यमंत्री की दौड़ से बाहर हो सकते हैं

बैतूल चुनाव : कांग्रेस नही कमलनाथ को झटका, मुख्‍यमंत्री की दौड़ से बाहर हो सकते हैंराज श्री वर्मा, भोपाल (तहसील संवाददाता)भोपाल 17 अप्रेल 08, बैतूल लोकसभा उपचुनाव के परिणाम को लेकर भाजपा नेता भले ही फूले न समा रहे हों और अपनी पीठ खुद ठोंक कर भले ही विकास और अपनी नीतियों की जीत बताते फिरते हो । हकीकत तो कुछ और ही है । बैतूल का परिणाम अधिकांश लोगों को 20-25 दिन पहले से ही पता था । कांगेस नेता कमलनाथ के घटते प्रभाव का अनुमान लगभग सभी को था और कांग्रेस को भी इसका इल्‍म हो गया था जिसके चलते अनेक युवा सांसदों को एक साथ कांग्रेस ने बैतूल भेजा था ।
कांग्रेस में अगले म.प्र. विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं और अब यह चुनाव अधिक दूर भी नहीं हैं । भाजपा जहॉं शिवराज सिंह की आम आदमी गरीब आदमी के कल्‍याण की कुछ अद्भुत और अति लोकप्रिय योजनाओं के सहारे विधानसभा चुनाव की वैतरणी पार करने की उधेड़बुन में लगी है और गरीब आदमी का आम आदमी का मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह वाली छवि के साथ अपने अभियान को गति देने में लगी है वहीं कांग्रेस में बड़ी ऊहापोह की स्थिति अभी तक बनी हुयी है । कांग्रेस अपना भावी मुख्‍यमंत्री अभी तक प्रोजेक्‍ट नहीं कर पायी है ।
चर्चाओं में चल रहे कांग्रेस के भावी मुख्‍यमंत्रियों में से कमलनाथ का भी नाम बड़े जोर शोर से चलाया जा रहा था । कमलनाथ एवं दिग्विजय लॉबी कमलनाथ को मुख्‍यमंत्री के रूप में न केवल घोषित कर चुकी थी बल्कि राजधानी के आसपास यह हवा भी जोर से बना दीगयी थी कि कमलनाथ म.प्र. के अगले मुख्‍यमंत्री होंगे । कमलनाथ की लोकप्रियता समूचे मध्‍यप्रदेश में नहीं है और कमलनाथ को उनके अनुयायीयों के अलावा सम्‍पूर्ण मध्‍यप्रदेश में आम आदमी नहीं पहचानता । इसके बावजूद कमलनाथ की आगामी मुख्‍यमंत्री के रूप में हवा बनायी जाना कांग्रेस के लिये ही घातक सिद्ध हुयी । विशेषकर बैतूल उपचुनाव के परिप्रेक्ष्‍य में तो यह काफी स्‍पष्‍ट नतीजा है । बैतूल में कांग्रेस की नहीं बल्कि कमलनाथ की प्रतिष्‍ठा दॉंव पर थी, और बैतूल में कांग्रेस प्रत्‍याशी की हार के साथ कमलनाथ का तिलिस्‍म भी टूट गया ।
राजनीतिक विश्‍लेषकों ने 20 रोज पहले ही अनुमान लगा लिया था कि बैतूल में क्‍या होने वाला है, कांग्रेस की सेहत पर बैतूल लोकसभा का उपचुनाव कोई खास असर नहीं डालेगा और न इसकी गूंज दिल्‍ली जायेगी न भोपाल तक आयेगी, बस कमलनाथ को मुख्‍यमंत्री बनने से नकार देगी और शेष कुछ नहीं होने वाला ।
शिवराज सिंह इन दिनों विज्ञापनों पर धुऑंधार लुटाने में लगे हैं, मजे की बात ये है कि जिस अन्‍नपूर्णा योजना की तारीख तीन बार टल चुकी है अभी 15 अप्रेल को उसके चालू होने के पहले ही खबर आ चुकी थी कि योजना टल कर तिथि आगे बढ़ गयी है, इसके बावजूद अखबारों में 15 अप्रेल को करोड़ो के विज्ञापन छपे कि इस योजना का शुभारम्‍भ आज होगा । जनता के गाढ़े खून पसीने की कमाई की कमाई को इस तरह योजना की फर्जी घोषणाओं के लिये फर्जी विज्ञापन देकर दोनों हाथ से लुटाने वाले शिवराज सिंह को गरीब का हमदर्द तो कतई नहीं माना जा सकता । जो योजना 14 तारीख को ही स्‍थगित हो गयी हो उसका विज्ञापन 15 तारीख को कैसे छपा, यह जबरदस्‍ती विज्ञापन तकसीम करने का एक जबरदस्‍त नुस्‍खा है । अब नई तारीख पर फिर नये विज्ञापन, योजना का जो चाहे हो सो हो मीडिया के तो वारे न्‍यारे हैं ही ।
आज शिवराज ने भाजपा का फिर विज्ञापन छपाया है जिसमें शिवराज कह रहे हैं हम जीत गये हम जीत गये, बंटाढार का नया संस्‍करण हार गया वगैरह वगैरह । दिल्‍ली तक गूंजेगी गरीब की लाठी की आवाज, गरीब की लाठी में आवाज नहीं होती ।
संभवत: शिवराज चिन्तित से अधिक उतावले हैं । कहॉं राजा भोज कहॉं गंगू तेली, कहॉं विधानसभा का समग्र चुनाव और कहॉं एक लोकसभा उपचुनाव । इस एक सीट ( जो पहले से ही शिवराज की भाजपा पर थी) को ज्‍यों का त्‍यों वापस जीत लेने से क्‍या होगा, क्‍या इस एक सीट के बल पर भाजपा की केन्‍द्र में सरकार बन जायेगी या फिर केन्‍द्र से कांग्रेस की सरकार गिर जायेगी । आखिर किस फर्क की किस नये संदेश की शिवराज बात कर रहे हैं, एक सामान्‍य समझ का आदमी भी इस बात को नहीं समझ सकता कि आखिर क्‍या शिवराज ने पा लिया और क्‍या कांग्रेस ने खो दिया । एक पल के लिये सिर्फ यही मान लीजिये कि यह सीट खाली ही नहीं हुयी । केवल कांगेस के एक भावी मुख्‍यमंत्री बनने के सपने लिये कमलनाथ को मुख्‍यमंत्री की दौड़ से बाहर कर गयी, इससे तो उल्‍टे कांग्रेस को फायदा ही होगा न कि नुकसान, भावी मुख्‍यमंत्रियों की कतार थोड़ी छोटी हो गयी ।
अगर कांग्रेस इस हार जीत को खास तवज्‍जो देती है तो जरूर आश्‍चर्य की बात होगी, उपचुनावों में अक्‍सर वैसे ही प्रदेश में जिसकी सरकार हो उसके पक्ष में परिणाम जाते हैं, यह कौन सी नई बात है । और बहुत कुछ पहले से तय शुदा और सबको पता था । फिर फालतू विज्ञापनों पर शिवराज सिंह ने भाजपा के पैसे खर्च करवा डाले कि आवाज दिल्‍ली तक जायेगी ।
कांग्रेस का विधानसभा चुनाव तो कौन होगा अगला मुख्‍यमंत्री और कहॉं कौन होगा प्रत्‍याशी पर निर्भर करेंगे । और शायद कांग्रेस इससे बेखबर नहीं होगी ।

क्रिकेट के ये नये सिलसिले

क्रिकेट के ये नये सिलसिले
मनीष कुमार जोषी, सीताराम गेट के सामने, बीकानेर (राज) 9413769053जी समूह के सुभाष चंद्रा ने जब एक ख्वाब देखा तो क्रिकेट के ये नये सिलसिले शुरू हुए। क्रिकेट अपने परंपरागत रूप से बाहर आई। क्रिकेट इस सिलसिले में जिस ने भी निगाह डाली उसे दूर दूर तक गुल ही गुल नजर आये। सुभाष चंद्रा ने क्रिकेट का एक अलग साम्राज्य स्थापित कर उसका सम्राट बनने का सपना देखा तो कई और ख्वाब उससे जुड गयें। कपिल देव, ललित मोदी और शाहरूख खान के ख्वाब भी क्रिकेट के इस नये सिलसिले से जुड़ गये। सभी जुट गये गन्ने रूपी क्रिकेट को मषीन में डाल कर मिठास निचाड़ने की कोषिष में । हर एक ख्वाब क्रिकेट से जुड़ गया और क्रिकेट के नये सिलसिले शुरू हो गये। हर एक कासे क्रिकेट में दूर तक बहार ही बहार नजर आ रही है।

सुभाष चंद्रा ने आईसीएल की शुरूआत कर अपने ख्वाब हो हकीकत में बदलने की कोषिष की तो कपिलदेव को भी एक बार फिर क्रिकैट में लहलहाती फसल नजर आने लगी। क्रिकेट की काल्पनिक नई सल्तनत में वो अपने आपको सुभाष चंद्रा जैसे सम्राट के प्रधानमंत्री के रूप में देखने लगे। सुभाष चंद्रा और कपिलदेव का ख्वाब हकीकत का रूप लेता उससे पहले ही बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ललित मोदी का ख्वाब भी क्रिकेट नये सिलसिले से जुड़ गया। मोदी की निगाह सुभाष चंद्रा से भी आगे गई और उन्हे तो क्रिकेट में बहुत दूर तक बहार की लहलहाती फसल नजर आने लगी। मोदी ने जब इस फसल को काटने की योजना बनाई तो फिल्म स्टार शाहरूख खान के मन में भी क्रिकेट की इस लहलहाती फसल को काटने की चाहत हुई। शाहरूख खान की आंखे भी क्रिकेट के सपने देखने लगी। ललित मोदी और शाहरूख का ख्वाब हकीकत में बदलता नजर आने लगा तो इस कड़ी में विजय माल्या और प्रीती जिंटा के ख्वाब भी इससे जुड़ गये। चाहतो और ख्वाबो के इसी सिलसिले की कड़ी है आईपीएल।

एक ख्वाब से क्रिकेट का यह नया सिलसिला शुरू हुआ। नये क्रिकेट के हर मोड़ नया गुल खिला रहा है। एक ख्वाब से शुरू हुए इस सिलसिले से सैकड़ो ख्वाब जुड़ चुके है। जहां सुभाष चंद्रा का ख्वाब हकीकत पर टूटता नजर आ रहा है वहीं ललित मोदी का ख्वाब हकीकत में तब्दील नजर होता आ रहा है। क्रिकेट से मनोरंजन रूपी जैसे का ज्यूस निकालने के इस ख्वाब ने खेलो की दुनिया को हिलाकर रख दिया। क्रिकेट के इस नये सिलसिले ने क्रिकेट की परिभाषा को बदल दिया है।

ख्वाबो के इस सिलसिले में सभी को क्रिकेट माषूका की तरह नजर आ रही है। लेकिन वह तो बेचारी निरीह रूप से खड़ी मूक दर्षक बनी हुई है। गन्ने जैसी मिठास भरी क्रिकेट को मषीन से बार बार निकालकर उसके मिठास को निचोड़ने की पूरी कोषिष की जा रही है। अब गेंद और बल्ले का संघर्ष नहीं है। थिरकती सिने बालाओ के बीच चौको और छक्को का क्रिकेट हें। क्रिकेट का स्वयं का ख्वाब टूट गया है। क्रिकेट में फुटबाल और हॉकी की प्रतिकृति बनती जा रही है। अब मैदाने में मैच बचाने के लिए संघर्ष नहीं होता है बल्कि क्रिकेट को पीटने का संघर्ष होता है । क्रिकेट पिटती जा रही हेै। क्रिकेट का समृध्द होने का ख्वाब टूट रहा है परन्तु क्रिकेट से जुड़े लोगो का ख्वाब बुलंदिया छु रहा है। दूर तक निगाह में खिले हुए गुल में हर कोई खो जाना चाहता है। क्रिकेट के इस सिलसिले के अभी कुछ ही मोड़ देखे है परन्तु आगे इस सिलसिले को कड़वे मोड़ देखने पड़ सकते है।
सीताराम गेट के सामने, बीकानेर (राज)
9413769053

‘जेम’ ग्वालियर का पुराना वैभव और अंतर्राष्ट्रीय पहचान स्थापना में कामयाब होगी – अनूप मिश्रा

जेमग्वालियर का पुराना वैभव और अंतर्राष्ट्रीय पहचान स्थापना में कामयाब होगी - अनूप मिश्रा

लोकतंत्र की सार्थकता जैमजैसे सकारात्मक जन-आंदोलनों से है- नरेन्द्र सिंह तोमर

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । ग्वालियर नगर का स्वर्णिम इतिहास रहा है । ग्वालियर के आर्थिक-सामाजिक उत्थान के लिये समर्पित संस्था जेमइसका खेया वैभव और अन्तर्राष्ट्रीय पहचान को वापिस लाने में कामयाब होगी । उक्त आशय के विचार मध्य प्रदेश के जलसंसाधन मंत्री श्री अनूप मिश्रा ने आज यहां लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के टैगोर हॉल में ग्वालियर हितैषियों को संबोधित करते हुये व्यक्त किये । उन्होंने कहा कि मैं भी इस तरह के आयोजन की आवश्यकता महसूस कर रहा था , जिसकी अगुवाई गैर राजनीतिज्ञ करें ताकि विकास कार्यों को राजनैतिक चश्मों के बिना देखा समझा जा सके । उन्होंने ग्वालियर हितैषियों की जल को लेकर की गई चिन्ताओं का समाधान करते हुये कहा कि हमारे पास तिघरा, पहसारी, ककैटो, रमुआ तथा 140 करोड़ के प्रस्तावित अपर ककैटो को शामिल करते हुये ग्वालियर नगर के अगामी 25 वर्षों तक पर्याप्त जल है । उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य शासन इस दिशा में पक्का बंदोबस्त करेगा क्यों कि जल नहीं -तो कल नहीं अर्थात ग्वालियर नगर के भविष्य के लिये जल का जो महत्व है उसकी अनदेखी नहीं होगी । साथ ही उन्होंने जल के अपव्यय को रोकने के लिये जनजागरूकता अभियान चलाने की भी संस्था से अपील की । उन्होंने नगर विकास की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी जानकारी दी तथा स्वर्ण रेखा में साफ पानी प्रवाहित करने के अपने संकल्प को भी दोहराया ।

       भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व जनसंपर्क मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपने शैशवकाल का स्मरण कराते हुये कहा कि ग्वालियर में प्रतिदिन दो बोइंग आते थे जिनसे लोग अपनी घड़ियां मिलाते थे किन्तु आज छोटे जहाज के लिये भी ट्रेफिक नहीं है जो चिंता का विषय है । उन्होंने कहा कि जेमजैसा जन आंदोलन आज की महत्ती आवश्यकता है । उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सार्थकता सकारात्मक आंदोलनों से है तथा खुशी की बात है कि ग्वालियर नगर के आर्थिक सामाजिक विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाला यह आंदोलन भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधिपति श्री आर सी लाहौटी और भास्कर ग्रुप के चैयरमेन श्री रमेश चंद्र अग्रवाल जैसे सफल विचारवान व्यक्तियों के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्वालियर के विकास में राज्य शासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख करते हुये बताया कि ग्वालियर में संगीत विश्वविद्यालय की स्थापना होगी तथा जल्दी ही कृषि विश्वविद्यालय भी स्थापित होगा । उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी का विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित करने तथा स्टोन पार्क स्थापना की दिशा में किये गये प्रयासों का भी खुलासा किया।

       महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के नगर निगम के कार्यों की जानकारी दी । उन्होंने कचरा प्रबंधन, ग्वालियर की विरासत पुराने भवन एवं स्मारकों की पहचान एवं संरक्षण की दिशा में किये जा रहे प्रयास, रोप-वे तथा नगर निगम एवं निजी भागीदारी से कई महत्वपूर्ण कार्यों को करवाने की जानकारी दी तथा जेमके साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर काम करने का भी आश्वासन दिया ।

       संभागायुक्त डा. कोमल सिंह ने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग के नागरिकों में हौसला, हस्ती और प्रतिभा भी है बस जरूरत है उनको सही दिशा में सामने लाने की । उन्होंने विषय विशेषज्ञता के अनुरूप प्रोजेक्ट बनाने, दीर्घकालीन तथा तात्कालिक प्राथामिकताओं का निर्धारण कर मार्गदर्शी कार्य योजना तैयार करने तथा ग्वालियर के समग्र आर्थिक , सामाजिक विकास का खाका बनाने की मंच से सलाह दी । उन्होंने क्षेत्र की प्रतिभाओं को भी सम्मानित करने हेतु एवार्ड स्थापित करने तथा जेमको एक उत्प्रेरक संस्था के रूप में कार्य करने की गुजारिश की । संभागायुक्त डा. कोमल सिंह ने संस्था को यथासंभव शासकीय सहयोग का भी आश्वासन दिया ।

       जेमके संरक्षक एवं चेयरमेन भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधिपति श्री आर सी लाहौटी ने ग्वालियर के हित को सर्वोच्च रखकर आहूत ग्वालियर हितैषियों के आज के जमावड़े को सर्व वर्ग सम्मेलन की संज्ञा दी । उन्होंने कहा कि आज के इस आयोजन में राज्य शासन के मंत्री तथा केन्द्रीय मंत्री एवं सांसदों के नुमाइंदों और महापौर की मौजूदगी अर्थात विधायिका, संभाग एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अर्थात कार्यपालिका एवं वह स्वयं न्यायपालिका के नुमाइंदगी करते हुये तथा चौथा स्तम्भ प्रेस की मौजूदगी ने इस समागम को सर्ववर्ग सम्मेलन का रूप दे दिया है । फिर जनसमूह और सभी पार्टियों की सक्रिय भागीदारी ने तो इसके उद्देश्य पूर्ति में कामयाबी ही आश्वस्त कर दी है । इस प्रकार लोक कल्याण की दिशा में संयमित एवं संगठित सहभागिता के श्रेष्ठ परिणाम अर्जित किये जा सकेंगें । उन्होंने ग्वालियर को समृध्द नगर बनाने की दिशा में जल्द ही संस्था द्वारा ब्लू प्रिंट तैयार करने का आवश्वासन दिया जिसमें शीघ्रता से करने वाले कार्य, दीर्घकालीन कार्य योजना , शासन के माध्यम से अपेक्षित कार्य, शासन एवं जनभागीदारी वाले संयुक्त प्रयास तथा स्वयं नागरिकों द्वारा किये जाने वाले कार्यों को भी स्पष्ट रेखांकित करते हुये योजनाएं तैयार करने की बात कही ।

       कार्यक्रम के प्रारंभ में जेमके अध्यक्ष चैमयरमेंन भास्कर ग्रुप श्री रमेश चंद्र अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुये ग्वालियर के पुरावैभव और विरासत का स्मरण कराया । उन्होंने ग्वालियर की भौगोलिक स्थिति, पर्यटन की दृष्टि से महत्व, महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की मौजदगी तथा आर्थिक दृष्टि से विकास की संभावनाओं को उजागर करते हुये संस्था के उद्देश्य और लक्ष्य की विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने कहा कि अगले 5 वर्षों में हमें ग्वालियर में कम से कम 5 लाख पर्यटकों को आकर्षित करना है । साथ ही हर ग्वालियरवासी के दिल में अपने शहर को  श्रेष्ठ विश्व नगरी बनाने का जुनून पैदा करना है । उन्होंने कहा कि वे पूरे तन मन और धन से इस कार्य में सहयोग करेंगें तथा सरकार और जनआकाक्षांओं की पूर्ति में जेमको एक सशक्त कड़ी बनावेंगें ।

       पूर्व विधायक एवं सांसद प्रतिनिधि श्री रमेश चंद्र अग्रवाल ने केन्द्रीय प्रौद्योगिक एवं संचार राज्यमंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा भेजे गये संदेश का वाचन किया । उन्होंने कहा कि श्री सिंधिया की भावनाएें ग्वालियर के चहुमुखी विकास से जुड़ी हुई है । वे नेता नही अपितु जनसेवक हैं । जिस शहर में वे पैदा हुए हैं उसके विकास और प्रगति का संकल्प उनकी अहम जिम्मेदारी है । क्षेत्रीय सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा भेजे गये संदेश का वाचन श्री संदीप चौबे ने किया । इस मौके पर राज्यसभा सदस्य श्रीमती माया सिंह और श्री प्रभात झा द्वारा ग्वालियर विकास के लिये भेजे गये संदेशों का वाचन भी किया गया। इस अवसर पर साडा अध्यक्ष श्री जयसिंह कुशवाह , पुलिस महानिरीक्षक श्री देवेन्द्र सिंह सेंगर, एलएनआईपीई के कुलपति श्री एस एन मुखर्जी, कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त श्री पवन शर्मा, नगर निगम के सभापति श्री विजेन्द्र सिंह जादौन सहित बड़ी संख्या में बुध्दिजीवी एवं नागरिकगण उपस्थित थे । बैठक के अंत में चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष श्री जी डी लङ्ढा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया ।

 

अपराधी पप्पू गुर्जर पुत्र दलगंजन गुर्जर पर 10 हजार का इनाम घोषित

अपराधी पप्पू गुर्जर पुत्र दलगंजन गुर्जर पर 10 हजार का इनाम घोषित

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । ग्वालियर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री आदर्श कटियार ने अपराधी पप्पू गुर्जर पुत्र दलगंजन गुर्जर उम्र 30 वर्ष, निवासी- करई थाना सुभाष पुरा जिला शिवपुरी को बंदी बनवाने पर 10 हजार रूपये का पुरस्कार घोषित किया है ।

       उक्त अपराधी को जो भी व्यक्ति बंदी बनायेगा या बंदी करवाने की सूचना देगा । उसे 10 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदाय किया जायेगा ।

 

अपीलीय अधिकारी नियुक्त

अपीलीय अधिकारी नियुक्त

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । जिले की सभी जनपद पंचायतों में रिक्त पंच-सरपंच के चुनाव कराने से पूर्व यहां की मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है ।

       मतदाता सूची तैयार या पुनरीक्षित संबंधी कार्य के लिये जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विकासखंड वार सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। इन अधिकारियों के विरूध्द अपील प्रस्तुत किये जाने के लिये अपीलीय अधिकारी नियुक्त किये गये हैं ।

       मुरार और घाटीगांव (बरई) जनपद पंचायत के लिये अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ग्वालियर को अपीलीय अधिकारी नियुक्त किया गया है । अपीलीय अधिकारी मुरार जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत बडोरी, बस्तरी सौंसा और पदमपुर खेरिया के वार्डों की अपील सुनेंगे । घाटीगांव (बरई) के अंतर्गत नयागांव, मोहना, करही, सहसारी, तिघरा, गिरबई के वार्डों की अपील सुनेंगे । डबरा और भितरवार जनपद पंचायत के लिये अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अपीलीय अधिकारी नियुक्त किया गया है । यह अधिकारी डबरा जनपद के अंतर्गत रजियाबर, गिजौर्रा, मिलधन और भितरवार जनपद के अंतर्गत घरसौदी, पलायछा, चीनोर तथा सहारन ग्राम पंचायतों के वार्डों की अपील सुनेंगे ।

 

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने लिया ग्रामसभाओं की बैठक में भाग

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने लिया ग्रामसभाओं की बैठक में भाग

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । जिले की भितरवार जनपद पंचायत के ग्राम प्रेमपुरा में भी आयोजित ग्रामसभा की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने आज अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भाग लिया । उन्होंने ग्रामीणों से उनकी आम बोलचाल की भाषा में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के तहत मिल रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा कर जानकारी ली । चर्चा के दौरान ग्रामीण महिला एवं पुरूषों ने भी अपनी बात खुलकर रखी ।

       श्री शर्मा ने इस मौके पर ग्रामीणों से ग्रामसभाओं की बैठक में उपस्थित होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों की जानकारी लेते हुये उनसे आग्रह किया कि अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा जो शासन की योजनायें बताई जा रही हैं उन योजनाओं का लाभ लेने हेतु आगे आयें और अपनी समस्याओं को निसंकोच होकर बतायें । बैठक में बताया गया कि एक हजार 106 जॉब कार्डों का वितरण किया गया है ।

       श्री शर्मा ने इस मौके पर मंदबुध्दि वाले एक बालक को विकलांग छात्रवृत्ति स्वीकृत करने के निर्देश दिये । उन्होंने ग्राम प्रेमपुरा में एक हैण्डपम्प तथा पथारिया के अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोहल्लों में एक-एक हैण्डपम्प खनन किये जाने के निर्देश दिये । बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा आवास निर्माण और गांव में आंगनबाड़ी हेतु भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव दिये गये ।

       ग्रामसभा की बैठक में सरपंच श्री सूर्यभान सिंह पवैया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री आर.एल.एस. मोर्य, जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी श्री विनय दुबे उपस्थित थे ।

 

निर्माण कार्य शुरू होते ही तत्काल मिला मजदूरों को रोजगार

       जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने ग्रामसभा की बैठक में भाग लेने के बाद राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना के तहत 4 लाख 27 हजार रूपये की लागत से बनने वाले अमरोल से प्रेमपुरा तक मिट्टी मुरम का कार्य का भूमि पूजन कर कार्य शुरू किया गया । इस कार्य से तत्काल 15 से अधिक जरूरत मद मजदूरों को रोजगार मिलना शुरू हो गया है । इस कार्य से 3 हजार 709 मानव दिवसों को रोजगार प्राप्त होगा । श्री शर्मा ने ग्राम पिपररूआ में तालाब एवं माध्यमिक विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया।

 

योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई बरतने वालों की संभागायुक्त ने तीन-तीन वेतन वृध्दियां रोकी

योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई बरतने वालों की संभागायुक्त ने तीन-तीन वेतन वृध्दियां रोकी

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । संभागायुक्त डॉ. कोमल सिंह ने शासकीय योजनाओं में ढिलाई बरतने वाले जिलाधिकारियों तथा संभागीय अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुये तीन-तीन वेतन वृध्दियां रोकने के निर्देश दिये हैं । प्रभावित अधिकारियों में कृषि, पशु चिकित्सा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, महिला व बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शमिल हैं ।

       संभागायुक्त डॉ. कोमल सिंह ने वित्तीय वर्ष 2007-08 के कार्यों की विस्तत समीक्षा की । उन्होंने खासतौर पर कृषि, पशु चिकित्सा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवायें, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के कार्यों को लक्ष्य की कसौटी पर कसा । कृषि विभाग की समीक्षा में बलराम तालाब योजना में ग्वालियर जिले की प्रगति शून्य तथा दतिया जिले की प्रगति 7.89 प्रतिशत पाये जाने पर दोनों जिलों में उपसंचालक कृषि तथा संभागीय संयुक्त संचालक की तीन-तीन वेतन वृध्दि रोकने के निर्देश जारी कर दिये हैं । इसी प्रकार पशु चिकित्सा विभाग में शिवपुरी व दतिया की प्रगति संभाग में सबसे कम होने पर दोनों जिलों के उप संचालक व संभगीय संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवायें की तीन-तीन वेतन वृध्दि रोकने के निर्देश दिये हैं । स्वास्थ्य विभाग में भी जननी एक्सप्रेस योजना में दतिया व शिवपुरी जिले की प्रगति काफी कम थी । कमिश्नर ने इन जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संभागीय चिकित्साधिकारी की भी तीन-तीन वेतन वृध्दि रोकने के निर्देश दिये ।

       पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा में दतिया व शिवपुरी जिले की प्रगति लक्ष्य के 50 प्रतिशत से कम पाये जाने पर संभागायुक्त ने दोनों जिलों के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्रियों सहित अधीक्षण यंत्री की तीन-तीन वेतन वृध्दियां रोकने की कार्रवाई की है । इसी क्रम में विभागीय लक्ष्यों के प्रति लापरवाही के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक सहित कम प्रगति वाले जिलाधिकारियों के खिलाफ वेतन वृध्दि रोकने की कार्रवाई की है ।

       संभागायुक्त ने संभाग के सभी जिलों के सभी विभागों के जिलाधिकारियों को हिदायत दी है कि वे तत्परता से कार्य कर लक्ष्यों की पूर्ति करायें । साथ ही कार्यो में गुणवत्ता का ध्यान  भी रखा जाये । उन्होंने साफतौर पर कहा है कि इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख्त कार्रवाई होगी ।

 

अपराधी बाबूसिंह की गिरफतारी के लिये 15 हजार रूपये का इनाम घोषित

अपराधी बाबूसिंह की गिरफतारी के लिये 15 हजार रूपये का इनाम घोषित

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । चौरेला थाना बिठौली जनपद इटावा उत्तरप्रदेश निवासी अपराधी बाबूसिंह परिहार पुत्र सूखन सिंह परिहार की गिरफतारी के लिये 15 हजार रूपये का इनाम घोषित किया है । यह इनाम चंबल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार द्वारा घोषित किया गया है । अपराधी बाबूसिंह परिहार टी-31 गैंग का लीडर है । इस पर विभिन्न आपराधिक मामलों में तीन राज्यों के थानों मे विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं । जिन थानों में प्रकरण दर्ज बताये गये हैं उनमें बिठौली, इटावा (उ.प्र.), रामपुर, जालौन (उ.प्र.), देवगढ़, मुरैना (म.प्र.), सिविल लाईन थाना मुरैना (म.प्रं.), राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान), कैलारस मुरैना, बागचीन मुरैना और अम्बाह थाना मुरैना (म.प्र.) हैं ।

       पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार ने जारी आदेश में कहा कि जो भी व्यक्ति इस अपराधी को बंदी बनाने या बंदी बनाने का विरोध किये जाने पर विधि संगत आवश्यक शक्तियों का प्रयोग कर बंदी बनायेगा या बंदी बनवाने के लिये सही सूचना देगा उस व्यक्ति को 15 हजार रूपये का इनाम दिया जायेगा । इनाम (पुरस्कार) वितरण में पुलिस महानिरीक्षक चंबल रेंज का निर्णय अंतिम होगा ।

 

स्वयंसेवी संस्थायें अनुदान के लिये 30 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत करें

स्वयंसेवी संस्थायें अनुदान के लिये 30 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत करें

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । विभागीय मान्यता प्राप्त अशासकीय स्वयंसेवी संस्थायें जो विभागीय गतिविधियां संचालित कर रही हैं वे चालू वित्तीय वर्ष 2008-09 के अनुदान के लिये साधे कागज पर निर्धारित प्रारूप में 30 अप्रैल 08 तक आवेदन कर सकते हैं ।

       महिला बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सीमा शर्मा ने एक जानकारी में बताया कि अशासकीय स्वयंसेवी संस्थायें प्रथम अनुदान स्वीकृति के लिये एक लाख से अधिक रूपये का अनुदान निरंतर चाहती हैं वे आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। आवेदन पत्र 30 अप्रैल 08 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग इमलीचौक मोतीमहल ग्वालियर कार्यालय में प्रस्तुत किये जा सकते हैं । निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जायेगा ।

 

प्रदेश सरकार गरीब एवं दलित वर्गो के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित – कुशवाह

प्रदेश सरकार गरीब एवं दलित वर्गो के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित  - कुशवाह

राजस्व राज्य मंत्री ने 14 लाख रूपये की लागत से बनने जा रहे अम्बेडकर मंगल भवन की आधारशिला रखी

ग्वालियर 16 अप्रैल 08 । राजस्व एवं वन राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने पिछड़े एवं दलित वर्गों के उत्थान के लिए प्रभावी कदम उठाये हैं। सरकार ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जहाँ इन वर्गों के शैक्षिक एवं आर्थिक विकास के द्वार खोले हैं वहीं दलित बस्तियों के अधोसंरचनात्मक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया है। इसी कड़ी में  सरकार दलित बस्तियों में सार्वजनिक प्रयोजन के लिए मंगल भवन भी बनवा रही है। श्री कुशवाह आज नगर के वार्ड क्रमांक 60 की खजांची बस्ती में अम्बेडकर मंगल भवन की आधार शिला रखने के पश्चात यहाँ मौजूद जन समूह को संबोधित कर रहे थे। यह भवन करीबन 14 लाख रूपये की लागत से बनाया जा रहा है। भवन के शिलान्यास समारोह में श्री अभय चौधरी,  पार्षद श्री रविन्द्र सिंह राजपूत व श्रीमती सायरा आसिफ सहित अन्य जन प्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

       राजस्व राज्य मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि प्रदेश सरकार हर विधान सभा क्षेत्र में अम्बेडकर मंगल भवन बनवा रही है और  अब तक 230 विधान सभा क्षेत्रों मे से  190 में यह भवन  बनवाये जा चुके हैं। साथ ही हर मंगल भवन में पेयजल के लिए नलकूप भी लगाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा इस भवन का उपयोग सांस्कृतिक, सामाजिक व सार्वजनिक महत्व के अन्य प्रयोजनों में मोहल्लावासी कर सकेंगे।  श्री कुशवाह ने कहा कि सरकार ने गरीब व दलित वर्गो को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए चलाई जा रही दीनदयाल अन्त्योदय उपचार योजना की सहायता राशि में 10 हजार रूपये की  वृध्दि की है। इस प्रकार अब हर बी,पी,एल, परिवार को एक वर्ष में 30 हजार रूपये तक की सहायता इलाज के लिए मिलेगी। राजस्व राज्य मंत्री ने सरकार द्वारा जनहित में संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जरनकारी भी इस अवसर पर प्रदान की। साथ ही लोगों से रूबरू होकर उनकी समस्यायें भी सुनी।