परहित सरिस धरम नहिं भाई । परपीड़ा सम नहिं अधमाई ।।
दूसरों का भला करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है और दूसरों को पीड़ा पहुँचाने से बड़ा अधर्म नहीं है – गोस्वामी तुलसीदास, रामचरित मानस
April 21, 2008 at 7:43 am (Articles & Papers)
परहित सरिस धरम नहिं भाई । परपीड़ा सम नहिं अधमाई ।।
दूसरों का भला करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है और दूसरों को पीड़ा पहुँचाने से बड़ा अधर्म नहीं है – गोस्वामी तुलसीदास, रामचरित मानस
April 21, 2008 at 5:43 am (Articles & Papers)
माह के प्रत्येक शुक्रवार एवं प्रथम तथा तृतीय शनिवार को लोक अदालतों का आयोजन
ग्वालियर 20 अप्रैल 08 । आपसी सुलह एवं समझौता के आधार पर पक्षकारों के प्रकरणों के निराकरण हेतु संचालित लोक अदालत योजना के तहत जिला न्यायालय परिसर ग्वालियर में माह के प्रत्येक शुक्रवार को एवं माह के प्रथम व तृतीय शनिवार को लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है ।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अरूण प्रधान ने पक्षकारों से आग्रह किया है कि लोक अदालत में दीवानी, फौजदारी, मोटरयान दुर्घटना क्लैम, विद्युत अधिनियम, भरण पोषण, निगोशियेवल इन्स्ट्रमेंट के प्रकरणों का निराकरण समझौते से करायें । उन्होंने बताया कि प्रकरणों के निराकृत होने पर पक्षकारों द्वारा अदा किया गया न्यायशुल्क शासन द्वारा वापिस किये जाने का प्रावधान है । ऐसे पक्षकार जो अपना प्रकरण लोक अदालत के माध्यम से निराकृत कराना चाहते हैं वह संबंधित न्यायालय में अपना प्रकरण लोक अदालत में रखे जाने हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत करें ।
April 21, 2008 at 5:40 am (Articles & Papers)
उटीला विधिक साक्षरता शिविर में मिली ग्रामीणों को कानूनों एवं योजनाओं की जानकारी
ग्वालियर 20 अप्रैल 08 । ग्रामीणों को विभिन्न कानूनों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एल.एच. थधानी के मार्गदर्शन में ग्राम उटीला में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं आदि द्वारा विभिन्न कानूनों के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई ।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अरूण प्रधान ने शिविर में विधिक सहायता योजना, मजिस्ट्रेट न्यायालयों में विधिक सेवा अधिवक्ता योजना, लोक अदालत, पारिवारिक विवाद समाधान केन्द्र योजना, भरण पोषण व दहेज प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी उपस्थित ग्रामीणों को दी गई । एडवोकेट श्री आदित्य बल्लभ त्रिपाठी ने मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया । कन्जूमर एवं सिविल राईट्स ऐसोसिएशन की अध्यक्ष सुश्री ममता सिंह ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, एडवोकेट श्री काशीराम कुशवाह ने भू-राजस्व संहिता तथा एडवोकेट श्री विनोद कुमार श्रीवास्तव ने श्रम कानूनों की ग्रामीणों को जानकारी दी । जबकि पंचायत निरीक्षक श्री बी.एस. कुशवाह ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की जानकारी दी ।
शिविर में ग्राम पंचायत उटीला के सरपंच श्री नारायण सिंह, वरिष्ठ नागरिक श्री जगदीश पाठक सहित बड़ी संख्या में गांव के महिला-पुरूष उपस्थित थे । कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सदस्य श्री नरेन्द्र सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया ।
April 21, 2008 at 5:30 am (Articles & Papers)
समग्र स्वच्छता कार्यक्रम के तहत संभाग में बने 51 हजार 800 से अधिक शौचालय
ग्वालियर 20 अप्रैल 08 । समग्र स्वच्छता कार्यक्रम के तहत ग्वालियर संभाग में वित्तीय वर्ष 2007-08 में 51 हजार 847 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया गया है । जिसमें सर्वाधिक शौचालय 23 हजार 315 ग्वालियर जिले में बनाये गये हैं । कार्यालय अधीक्षण यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ग्वालियर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आलोच्य अविध में संभाग में 3 हजार 366 स्कूलों एवं 232 आंगनबाड़ी केन्द्रों में शौचालयों का निर्माण किया गया है। संभाग में 15 सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का 13 रूरल सेनिटेशन और एक उत्पादन केन्द्र का निर्माण किया गया है । उक्त कार्यों पर 13 करोड़ 15 लाख से अधिक की राशि व्यय की गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संभाग के ग्वालियर जिले में 23 हजार 315, दतिया जिले में 9 हजार 550, गुना जिले में 8 हजार 312, अशोकनगर जिले में 2 हजार 663 और शिवुपरी जिले में 8 हजार 7 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया गया । इसी प्रकार संभाग के ग्वालियर जिले में 640 शालाओं में दतिया की 280, गुना जिले की 856, अशोकनगर जिले की 655 और शिवपुरी जिले की 935 शालाओं में शौचालयों का निर्माण कराया गया । गत वित्तीय वर्ष में ग्वालियर जिले में 2, दतिया जिले में एक, गुना जिले में 5, अशोकनगर जिले में 2 और शिवपुरी जिले में 3 रूरल सेनिटेशन का निर्माण किया गया ।
April 21, 2008 at 5:29 am (Articles & Papers)
51 केन्द्रों के मतदाताओं की होगी आज फोटोग्राफी
ग्वालियर 20 अप्रैल 08 । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में अवशेष मतदाताओं के फोटो परिचय-पत्र तैयार कराने का कार्य जारी है । इस अनुक्रम में विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदान केन्द्रवार फोटोग्राफी जारी है । सोमवार 21 अप्रैल को प्रात: 8 बजे से सांयकाल 6 बजे तक जिले के 51 मतदान केन्द्रों के मतदाताओं की फोटोग्राफी का कार्य संपन्न कराया जायेगा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश श्रीवास्तव ने ऐसे मतदाताओं से जिन्हें अब तक परिचय पत्र प्राप्त नहीं हुये हैं अथवा परिचय पत्रों में त्रुटि है उनसे फोटोग्राफी कराने की अपील की है । जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में तो अंकित हैं लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम के सामने फोटो अंकित नहीं है। जिन्हें फोटो परिचय पत्र प्राप्त हुये हैं और फोटो परिचय-पत्र में प्रविष्टियों में अथवा फोटो में कोई गलती है। जिन मतदाताओं द्वारा डुप्लीकेट कार्ड बनवाने हेतु पूर्व में फोटो खिचवाया या फोटो दिया गया था और उन्हें फोटो परिचय पत्र तैयार होकर प्राप्त नहीं हुये हैं । मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं हैं और वे अपना नाम मतदाता सूची में अंकित कराना चाहते हैं । उन सभी से भी कलेक्टर ने अपील की है कि वे फोटोग्राफी स्थलों पर उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत करें तथा आवेदन पत्र के साथ यदि फोटो उपलब्ध है तो फोटो चस्पा करके नियुक्त कर्मचारियों को उपलब्ध करावें । यदि फोटो नहीं है तो अपने-अपने फोटो अनिवार्य रूप से खिंचवायें ताकि मतदाता पहचान पत्र तैयार कराये जा सकें ।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को 15- ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 23 से 25 तक के मतदाताओं के लिये नशामुक्ति केन्द्र जेल रोड़ ग्वालियर, मतदान केन्द्र क्रमांक 154 और 159 के मतदाताओं के लिये नगर निगम कार्यालय ठाठीपुर मुरार, मतदान केन्द्र केन्द्र क्रमांक 96 से 100 तक के मतदाताओं के लिये एम.बी. लिटिल विद्यालय गदाईपुरा में फोटोग्राफी होगी । इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 16 लश्कर पूर्व के मतदान केन्द्र क्रमांक 56 से 60 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय जीवाजीराव जयेन्द्रगंज लश्कर में फोटोग्राफी होगी । विधानसभा क्षेत्र 17 लश्कर पश्चिम के मतदान केन्द्र क्रमांक 57 से 60 एवं 64 से 69 तक के मतदाताओं के लिये इंजीनियरिंग उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मामा का बाजार लश्कर में फोटोग्राफी की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र 18 मुरार के लिये मतदान केन्द्र क्रमांक 39,40 तथा 42 से 45 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय माध्यमिक केन्टोमेंट मुरार, मतदान केन्द्र क्रमांक 104 के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय सैंथरी, मतदान केन्द्र क्रमांक 158 के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय दहेली में फोटो खिचेगी । विधानसभा क्षेत्र 19 गिर्द के मतदान केन्द्र क्रमांक 27 के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय ददौरी, मतदान केन्द्र क्रमांक 91 के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय जिगसौली, मतदान केन्द्र 152 से 154 तक के मतदाताओं के लिये नवीन माध्यमिक विद्यालय भवन ईटमा में फोटो खिचेगी तथा विधान सभा क्षेत्र क्रमांक 20 डबरा के मतदान केन्द्र क्रमांक 43 से 48 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय भवन रही एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 160 से 162 तक के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय भवन गेंडोलकलां में फोटोग्राफी दल उपलब्ध रहेंगें ।