मनुष्‍य का उत्‍थान व पतन कैसे होता है

जब मनुष्‍य अपने पूर्वजों और पितृगण व बुजुर्गों को बुरा भला कह कर गालियां देने लगता है, तो समझिये उसने पतन के रास्‍ते पर पहला कदम रख दिया ऐसे मनुष्‍य का पतन सुनिश्चित है, और जब मनुष्‍य स्‍वयं अपने आप में खोट देखने लगता है स्‍वयं को बुरा भला कह कर गालियां देना शुरू कर देता है तो समझिये उसने उन्‍नति व उत्‍थान के रास्‍ते पर पहला कदम रख दिया है, ऐसे मनुष्‍य की उन्‍नति व उत्‍थान सुनिश्पित है स्‍वामी विवेकानन्‍द

ग्राम/नगर सुरक्षा समितियों का सम्मेलन 24 मई को भोपाल में

ग्राम/नगर सुरक्षा समितियों का सम्मेलन 24 मई को भोपाल में

मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री भी संबोधित करेंगे

ग्वालियर 22 अप्रैल 08 । मोतीलाल नेहरू स्टेडियम भोपाल में 24 अप्रैल 08 को ग्राम/नगर रक्षा समितियों का एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा । यह जानकारी पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर श्री देवेन्द्र सिंह सेंगर ने दी । उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के अनेक दायित्वों में सहयोग के लिये प्रदेश के सभी जिलों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाली ग्रामीण एवं नगर सुरक्षा समितियों के सदस्यों की पहली प्रशिक्षण कार्यशाला भोपाल में 24 अप्रैल को आयोजित की जा रही है। इसमें सभी जिलों से 10 हजार से अधिक सदस्यों के भाग लेने की आशा है । इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा गृहमंत्री श्री हिम्मत सिंह कोठारी भी सदस्यों को संबोधित करेंगे ।

       प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी देते हुये श्री सेंगर ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यशाला लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में दो सत्रों में सम्पन्न होगी। पहला सत्र पूर्वान्ह 11 बजे प्रारंभ होगा । इसमें महिलाओं, बच्चों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों के प्रति संवेदनशीलता में वृध्दि तथा इन तबकों से संबंधित कानूनों की जानकारी दी जायेगी । इसके अलावा अपराध अनुसंधान, अपराधों की विवेचना, प्राकृतिक आपदा ओर सूचना संकलन में सदस्यों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की जायेगी । इसके साथ ही ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों और निशक्तजनों की सहायता के बारे में भी उन्हें अवगत कराया जायेगा । दूसरा सत्र शाम 4 बजे प्रारंभ होगा । 

       प्रदेश में वर्तमान में कुल 48486 ग्राम रक्षा समितियां कार्यरत हैं इनकी सदस्य संख्या 516691 है । प्रदेश के शहरी इलाकों में 5721 नगर सुरक्षा समितियां काम कर रही हैं, जिनमें 69582 सदस्य हैं ।

       यह समितियां प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने, दस्युओं के उन्मूलन, त्यौहारों पर साम्प्रदायिक सद्भाव बनाये रखने, समंस तामीली, ऐसे अपराधों जो महिलाओं, बालकों, अल्पसंख्यकों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के विरूध्द हो, उनके निवारण में सहायता और समाज में प्रचलित कुप्रथाओं के उन्मूलन में सहयोग आदि के उद्देश्य से गठित की गई हैं । ग्राम/नगर रक्षा समितियों में अधीक्षक, जिला रक्षा अधिकारी, थाना रक्षा अधिकारी के अलावा सदस्यगण आमंत्रित किये जाने पर उपस्थित होकर अपनी सेवायें स्वेच्छा से निशुल्क प्रदान करते हैं ।

       अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक इन्टेलीजेंस श्री सुरेन्द्र सिंह तथा संपूर्ण आयोजन के प्रभारी भोपाल रेंज के आईजी डॉ. शैलेन्द्र श्रीवास्तव प्रशिक्षण कार्यशाला की तैयारियों की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं । आयोजन स्थल पर जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है ।

 

निर्माण एजेन्सियां मजदूरी का भुगतान राजस्व अधिकारियों के समक्ष करें – कलेक्‍टर श्रीवास्तव

निर्माण एजेन्सियां मजदूरी का भुगतान राजस्व अधिकारियों के समक्ष करें कलेक्‍टर श्रीवास्तव

ग्वालियर 22 अप्रैल 08 । कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने जिले में संचालित सूखा राहत कार्यों की समीक्षा करते हुये निर्माण एजेन्सियों को निर्देश दिये कि सूखा राहत के कार्यों पर कार्यरत मजदूरों को मजदूरी का भुगतान राजस्व अधिकारियों के समक्ष किया जाये । इसके लिये उन्होंने राजस्व अधिकारियों को कार्य स्थल पर जाकर मजदूरी का भुगतान कराने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित करें कि किसी भी मजदूर को निर्धारित दर से राशि का कम भुगतान न हो । कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिये ।

 कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव जिले में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की कल आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित निर्माण एजेन्सियों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने निर्माण एजेन्सियों एवं विकास विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सूखा राहत मद में हितग्राहीमूलक कार्यों को प्राथमिकता दें । इसमें मुख्य रूप से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्य लिये जायें । 

       उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुये एजेन्सियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक कार्य के लिये पृथक-पृथक रूप से तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृतियां जारी की जायें । कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने विशेष राजस्व अभियान की समीक्षा करते हुये राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों को निशुल्क खसरा-खतौनी का वितरण भी सुनिश्चित किया जाये । किसानों को राजस्व अभियान की जानकारी भी विभिन्न माध्यमों से दी जाये । श्री श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ऐसे गांव जहां पेयजल स्त्रोत सूख गये हैं एवं जहां पेयजल परिवहन की आवश्यकता है। उन गांवों में प्राथमिकता के आधार पर पेयजल परिवहन की कार्यवाही सुनिश्चित करें । इसके लिये प्रस्ताव भी भेजे जायें ।

 

पौधारोपण की तैयारियां शुरू करें

       जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने जनपद पंचायतों के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि पौधरोपण हेतु अभी से तैयारियां शुरू कर दी जायें । उन्होंने कहा कि पौधरोपण हेतु अप्रैल एवं मई का महीना गड्डे खोदने का उपयुक्त समय रहता है। अत: गड्डे खोदने की कार्यवाही शुरू कर लगाये जाने वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधों की मांग भी प्रस्तुत करें । जिससे आगामी माह में पौधरोपण की कार्यवाही की जा सके । इस कार्य में स्व-सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जाये ।

 

शेष रहे मतदाताओं की आज भी होगी फोटोग्राफी

शेष रहे मतदाताओं की आज भी होगी फोटोग्राफी

ग्वालियर 22 अप्रैल 08 । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में अवशेष मतदाताओं के फोटो परिचय-पत्र तैयार कराने का कार्य जारी है । इस अनुक्रम में विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदान केन्द्रवार फोटोग्राफी जारी है । बुधवार 23 अप्रैल को प्रात: 8 बजे से सांयकाल 6 बजे तक मतदाताओं की फोटोग्राफी का कार्य संपन्न कराया जायेगा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश श्रीवास्तव ने ऐसे मतदाताओं से जिन्हें अब तक परिचय पत्र प्राप्त नहीं हुये हैं अथवा परिचय पत्रों में त्रुटि है उनसे फोटोग्राफी कराने की अपील की है । जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में तो अंकित हैं लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम के सामने फोटो अंकित नहीं है। जिन्हें फोटो परिचय पत्र प्राप्त हुये हैं और फोटो परिचय-पत्र में प्रविष्टियों में अथवा फोटो में कोई गलती है। जिन मतदाताओं द्वारा डुप्लीकेट कार्ड बनवाने हेतु पूर्व में फोटो खिचवाया या फोटो दिया गया था और उन्हें फोटो परिचय पत्र तैयार होकर प्राप्त नहीं हुये हैं। मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं हैं और वे अपना नाम मतदाता सूची में अंकित कराना चाहते हैं । उन सभी से भी कलेक्टर ने अपील की है कि वे फोटोग्राफी स्थलों पर उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत करें तथा आवेदन पत्र के साथ यदि फोटो उपलब्ध है तो फोटो चस्पा करके नियुक्त कर्मचारियों को उपलब्ध करावें । यदि फोटो नहीं है तो अपने-अपने फोटो अनिवार्य रूप से खिंचवायें ताकि मतदाता पहचान पत्र तैयार कराये जा सकें ।

       जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को 15- ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 26 के मतदाताओं के लिये नशामुक्ति केन्द्र जेल रोड़ ग्वालियर, मतदान केन्द्र क्रमांक 154 और 159 तक के मतदाताओं के लिये नगर निगम कार्यालय ठाठीपुर मुरार, मतदान केन्द्र केन्द्र क्रमांक 101 से 106 तक के मतदाताओं के लिये जे.सी.मिल. उ.मा.वि. बिरलानगर ग्वालियर में फोटोग्राफी होगी । इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 16 लश्कर पूर्व के मतदान केन्द्र क्रमांक 67 से 77 तक के मतदाताओं के लिये शा.कन्या उ.मा.वि रेलवे कॉलोनी तानसेन रोड़ ग्वालियर में फोटोग्राफी होगी । विधानसभा क्षेत्र 17 लश्कर पश्चिम के मतदान केन्द्र क्रमांक 70 से 74 एवं 84 से 86 तक के मतदाताओं के लिये गजानन पब्लिक स्कूल लक्कड़खाना लश्कर में फोटोग्राफी की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र 18 मुरार के लिये मतदान केन्द्र क्रमांक 53 से 55 तक के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय भवन नौगांव, मतदान केन्द्र क्रमांक 107 के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय सूरों, मतदान केन्द्र क्रमांक 161 के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेलाखुर्द में फोटो खिचेगी । विधानसभा क्षेत्र 19 गिदर्_र् के मतदान केन्द्र क्रमांक 30 और 31 के मतदाताओं के लिये पंचायत भवन आरौन, मतदान केन्द्र क्रमांक 94 के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय ओड़पुरा, मतदान केन्द्र 158 और 166 के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय भवन किशनपुर में फोटो खिचेगी तथा विधान सभा क्षेत्र क्रमांक 20 डबरा के मतदान केन्द्र क्रमांक 43 से 48 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय भवन रही एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 167 से 170 तक के मतदाताओं के लिये मनोरंजन भवन शरणागत् में फोटोग्राफी दल उपलब्ध रहेंगें ।