April 25, 2008 at 8:28 am (Articles & Papers)
मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत विशाल जागरण शिविर 28 अप्रैल को
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । गरीबी रेखा के नीचे जिन्दगी बसर कर रहे परिवारों को सस्ती दर पर राशन मुहैया कराने के लिये प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना शुरू की है । इस योजना की जानकारी जिले के बी.पी.एल. परिवारों को देने के लिये मेला परिसर में 28 अप्रैल को वृहद जागरण शिविर आयोजित होगा । जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने आज संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शिविर की तैयारियों का जायजा लिया । इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा सहित जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति शाह नरवरिया, जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे ।
जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने दायित्वों का मुस्तैदी से निर्वहन करें, जिससे सुव्यवस्थित ढंग से शिविर समपन्न हो सके । उन्होंने कहा कि शिविर स्थल पर सभी विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जानी हैं । अत: विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रदर्शनी के माध्यम से बी.पी.एल. परिवारों को सरकार की जन कल्याणकारी व रोजगारमूलक योजनाओं की जानकारी मिल सके । उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दायित्व भी सौंपे ।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि वे गाव-गांव में इस शिविर के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करायें, जिसे अधिकाधिक बी.पी.एल. एवं अन्त्योदय अन्न योजना के कार्डधारी इस शिविर में शिरकत कर लाभान्वित हो सकें ।
स्थल जायजा लिया
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आज मेला परिसर स्थित शिविर स्थल का जायजा लिया । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और सरकार की मंशा के अनुरूप बी.पी.एल. परिवारों की सहायता के लिये विभागीय स्टॉल लगाने को कहा ।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 8:17 am (Articles & Papers)
पेयजल व्यवस्था में लापरवाही पर सहायक व उपयंत्री निलंबित
संभाग आयुक्त डॉ. सिंह ने जिला कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त के साथ पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । संभाग आयुक्त डॉ. कोमल सिंह ने पेयजल व्यवस्था के प्रति लापरवाह एक सहायक यंत्री व एक उपयंत्री को निलम्बित करने के निर्देश दिये हैं । संभाग आयुक्त आज दोपहर चिलचिलाती धूप में अचानक जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव व नगर निगम आयुक्त डॉ. पवन शर्मा के साथ नगर के विभिन्न गली-मोहल्लों में पहुंचे और लोगों से रू-ब-रू होकर पेयजल संबंधी कठिनाईयां सुनीं । पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये बनाये गये कण्ट्रोल रूम व विभिन्न पेयजल स्त्रोतों का निरीक्षण भी उन्होंने इस दौरान किया । अपर आयुक्त नगर निगम श्री राजेश बाथम तथा नगर की पेयजल व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उनके साथ थे ।
संभाग आयुक्त डॉ. कोमल सिंह जब आज दोपहर बाद अचानक कोटेश्वर मंदिर के समीप स्थित हाईड्रेन्ट (पेयजल सप्लाई केन्द्र) पर पहुंचे तब उन्हें पता चला कि यहां से एक टेंकर सुबह पांच बजे पानी लेकर गया था और तब से लौटकर नहीं आया, जिससे नगर की समस्यामूलक आठ बस्तियां दिन भर पेयजल सप्लाई से वंचित रह गईं । उक्त हाईड्रेन्ट के प्रभारी उपयंत्री तथा क्षेत्र के वरिष्ठ प्रभारी ने इस समस्या को हल करने के लिये अपनी ओर से कोई प्रयास नहीं किया। संभाग आयुक्त ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारी द्वय हाईड्रेन्ट के प्रभारी उपयंत्री श्री सुधीर शर्मा तथा सहायक यंत्री श्री एम.एस. खरे को निलंबित करने के निर्देश दिये । डॉ. कोमल सिंह ने जिला कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त के साथ कुशवाह मोहल्ला (विनय नगर सेक्टर तीन), हजीरा, लधेड़ी, मेवाती मोहल्ला, गोल पहाड़िया, नई सड़क, जयेन्द्रगंज व इंदरगंज क्षेत्र की बस्तियों की पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया । कुशवाह मोहल्ला (उरवाई गेट) के शंकर लाल व रामकली आदि का कहना था कि उनके मोहल्ले में टेंकर से पर्याप्त मात्रा में पानी मिल जाता है । इसी प्रकार ग्वालियर उपनगर के मेवाती मोहल्ला के नत्थे खां सहित अन्य लोगों का कहना था कि उनकी बस्ती में एक दिन के अंतराल से पानी की अच्छी सप्लाई हो रही है । संभाग आयुक्त ने नगर निगम आयुक्त से कहा कि नगर के जिन-जिन मोहल्लों में परिवहन के जरिये पेयजल सप्लाई हो रही वहां ऐसे प्रबंध करें, जिससे निर्धारित समयावधि में टेंकर पहुंचे और लोगों को पानी के लिये इंतजार न करना पड़े । नगर निगम आयुक्त ने कुशवाह मोहल्ले के लोगों को जानकारी दी कि उनके मोहल्ले में एक नलकूप मंजूर हुआ है, जो अलगे 15 दिन के भीतर स्थापित कर दिया जायेगा।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 8:15 am (Articles & Papers)
पशुओं में होने वाली बीमारियों की रोकथाम हेतु विकासखंड स्तरों पर नियंत्रण केन्द्र स्थापित होंगे
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । ग्रीष्म ऋतु में पशुओं में होने वाले रोग उदभेद (आऊट ब्रेक) के प्रभावी नियंत्रण एवं तत्काल उपचार की व्यवस्था किये जाने हेतु जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किये जायेंगे । इन नियंत्रण केन्द्रों के प्रभारी पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी रहेंगे । यह प्रभारी चल पशु चिकित्सा इकाई को तत्काल जानकारी देंगे । उक्त आशय की जानकारी पशु चिकित्सा सेवायें ग्वालियर संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जी.एस. डाबर ने गत दिनों विभागीय पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी एवं पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों की आयोजित बैठक में दी गई ।
संयुक्त संचालक ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ अमला मुख्यालय पर उपस्थित रहे । उन्होंने संस्थाओं के प्रभारियों को निर्देश दिये कि प्रभारी एवं कर्मचारी का नाम, दूरभाष क्रमांक एवं चलित दूरभाष क्रमांक एवं निवास का पता दीवार पर अंकित कराया जाना भी सुनिश्चित करें तथा रोग उदभेद एवं सूखे की स्थिति का साप्ताहिक प्रतिवेदन प्रत्येक सोमवार को आवश्यक रूप से भेजना भी सुनिश्चित करें ।
बैठक में पशु स्वास्थ्य संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु मरम्मत बाउण्ड्री वॉल, ट्रेविस शेड, कॉस्ंटिग शेड, विद्युतीकरण एवं जल की सुविधा हेतु प्रस्ताव एवं प्राकलन भेजने के भी निर्देश दिये गये ।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 8:04 am (Articles & Papers)
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री मलैया आज भिण्ड में आयोजित कार्यक्रम भाग लेंगे
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । वाणिज्य, उद्योग एवं रोजगार, आवास एवं पर्यावरण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयंत कुमार मलैया 25 अप्रैल 08 को भोपाल एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचेंगे । आप प्रात: 9 बजे कार द्वारा भिण्ड के लिये रवाना होंगे । जहां आप पंच कल्याणक प्राण प्रतिष्ठा एवं गजरथ महोत्सव निराला रंग बिहार प्रागंण भिण्ड में भाग लेंगे ।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 8:03 am (Articles & Papers)
जलसंसाधन मंत्री श्री मिश्रा चार संस्थाओं को आज एम्बुलेंस प्रदाय करेंगे
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । जल संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री अनूप मिश्रा 25 अप्रैल 08 को सांय 4 बजे आर.टी.ओ. कार्यालय परिसर पडाव में केन्द्र सरकार से प्राप्त चार एम्बुलेंस संस्थाओं को प्रदाय करेंगे । इस मौके पर परिवहन आयुक्त श्री एन.के. त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे ।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 8:02 am (Articles & Papers)
पी.एन.डी.टी. एक्ट के तहत संस्थाओं के निरीक्षण हेतु टीम गठित
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । ग्वालियर संभाग के अशोकनगर जिले में पी.एन.डी.टी एक्ट के तहत संस्थाओं के निरीक्षण हेतु टीम गठित की गई है । जो पंजीकृत संस्थाओं का आकस्मिक रूप से निरीक्षण करेगी ।
पी.एन.डी.टी. के सक्षम अधिकारी एवं कलेक्टर अशोकनगर श्रीमती गीता मिश्रा ने बताया कि गठित टीम में डिप्टी कलेक्टर श्री एस.एस. त्रिवेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन डॉ. नटवर सिंह, पी.एन.डी.टी. के नोडल अधिकारी डा. डी.के. जैन, जिला सलाहकार समिति की सदस्य डॉ. दीप्ति सुराना और जिला अभियोजन अधिकारी श्रीमती रूपकमल सक्सैना को रखा गया है ।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 7:59 am (Articles & Papers)
ग्वालियर के विधानसभा क्षेत्रों में आज भी होगी शेष रहे मतदाताओं की फोटोग्राफी
ग्वालियर 24 अप्रैल 08 । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले में अवशेष मतदाताओं के फोटो परिचय-पत्र तैयार कराने का कार्य जारी है । इस अनुक्रम में विधानसभा क्षेत्रवार एवं मतदान केन्द्रवार फोटोग्राफी जारी है । शुक्रवार 25 अप्रैल को प्रात: 8 बजे से सांयकाल 6 बजे तक मतदाताओं की फोटोग्राफी का कार्य संपन्न कराया जायेगा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश श्रीवास्तव ने ऐसे मतदाताओं से जिन्हें अब तक परिचय पत्र प्राप्त नहीं हुये हैं अथवा परिचय पत्रों में त्रुटि है उनसे फोटोग्राफी कराने की अपील की है । जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में तो अंकित हैं लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम के सामने फोटो अंकित नहीं है। जिन्हें फोटो परिचय पत्र प्राप्त हुये हैं और फोटो परिचय-पत्र में प्रविष्टियों में अथवा फोटो में कोई गलती है। जिन मतदाताओं द्वारा डुप्लीकेट कार्ड बनवाने हेतु पूर्व में फोटो खिचवाया या फोटो दिया गया था और उन्हें फोटो परिचय पत्र तैयार होकर प्राप्त नहीं हुये हैं। मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं हैं और वे अपना नाम मतदाता सूची में अंकित कराना चाहते हैं । उन सभी से भी कलेक्टर ने अपील की है कि वे फोटोग्राफी स्थलों पर उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत करें तथा आवेदन पत्र के साथ यदि फोटो उपलब्ध है तो फोटो चस्पा करके नियुक्त कर्मचारियों को उपलब्ध करावें । यदि फोटो नहीं है तो अपने-अपने फोटो अनिवार्य रूप से खिंचवायें ताकि मतदाता पहचान पत्र तैयार कराये जा सकें ।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल को 15- ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 26 के मतदाताओं के लिये नशामुक्ति केन्द्र जेल रोड़ ग्वालियर, मतदान केन्द्र क्रमांक 160 और 161 तक के मतदाताओं के लिये कार्यालय कार्यपालन यंत्री लो.नि.वि.वि/यां. ठाठीपुर, मतदान केन्द्र केन्द्र क्रमांक 107 से 119 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय बालक उ.मा.वि. शिक्षा नगर ग्वालियर में फोटोग्राफी होगी । इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 16 लश्कर पूर्व के मतदान केन्द्र क्रमांक 67 से 77 तक के मतदाताओं के लिये शा.कन्या उ.मा.वि रेलवे कॉलोनी तानसेन रोड़ ग्वालियर में फोटोग्राफी होगी । विधानसभा क्षेत्र 17 लश्कर पश्चिम के मतदान केन्द्र क्रमांक 75 से 82 एवं 138 से 143 तक के मतदाताओं के लिये मा.वि. अम्बेडकर हेमसिंह की परेड़ लश्कर में फोटोग्राफी की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र 18 मुरार के लिये मतदान केन्द्र क्रमांक 56 और 57 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय माध्यमिक विद्यालय अजयपुर, मतदान केन्द्र क्रमांक 109 और 110 के मतदाताओं के लिये शासकीय माध्यमिक विद्यालय डांगगुठीना, मतदान केन्द्र क्रमांक 164 और 165 के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय बिल्हेटी में फोटो खिचेगी। विधानसभा क्षेत्र 19 गिदर्_र् के मतदान केन्द्र क्रमांक 32 के मतदाताओं के लिये प्राथमिक विद्यालय भवन चैत, मतदान केन्द्र क्रमांक 96, 97, 100 के मतदाताओं के लिये पंचायत भवन शंकरपुर, मतदान केन्द्र 157 और 161 के मतदाताओं के लिये पंचायत भवन घरसौंदी में फोटो खिचेगी तथा विधान सभा क्षेत्र क्रमांक 20 डबरा के मतदान केन्द्र क्रमांक 49 से 51 तक के मतदाताओं के लिये शासकीय प्राथमिक विद्यालय भवन सहवई में फोटोग्राफी दल उपलब्ध रहेंगें ।
Leave a Comment
April 25, 2008 at 7:49 am (Articles & Papers)
ग्वालियर शहर को पेयजल वितरण व्यवस्था के लिये चार करोड़ रूपये
राज्य शासन द्वारा ग्वालियर शहर की पेयजल वितरण व्यवस्था के तात्कालिक निराकरण के लिये द्वितीय किश्त के रूप में चार करोड़ रूपये की राशि आवंटित की गयी है। यह राशि इस वर्ष के बजट से सूखा राहत मद से दी गयी है। इसके पूर्व इसी मद से पिछले वर्ष पांच करोड़ रूपये की पहली किश्त जारी की गयी थी।
गौरतलब है कि ग्वालियर शहर की पेयजल वितरण व्यवस्था के लिये नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा तैयार करायी गयी कार्य योजना के क्रियान्वयन के लिये तेरह करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गयी है।
Leave a Comment